विकासखंड स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विद्यार्थियों ने रखे विचार, चित्रों में उकेरी रचनात्मक कल्पनाएं

बम्हनीडीह। विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से 1 अक्टूबर 2026 को बीआरसी बम्हनीडीह में विकासखंड स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर से 20, माध्यमिक स्तर से 30 तथा हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर से 22 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस प्रकार कुल 72 विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आकर्षक एवं संदेशपरक चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक सोच का परिचय दिया।
इसी क्रम में “मेरे सपनों का भारत” विषय पर विकासखंड स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर से 18, माध्यमिक स्तर से 20 तथा हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर से 20 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कुल 58 विद्यार्थियों ने अपने विचारों, कल्पनाओं और राष्ट्र के प्रति अपने दृष्टिकोण को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
भाषण प्रतियोगिता में इन विद्यार्थियों ने हासिल किया प्रथम स्थान
हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर की भाषण प्रतियोगिता में शेखर कुर्रे, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बरपाली चाम्पा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। माध्यमिक शाला स्तर पर स्नेहा चंद्रा, डीडीएस शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बिर्रा ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं प्राथमिक शाला स्तर की भाषण प्रतियोगिता में शिवांश झा, फेयरी पब्लिक स्कूल चाम्पा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला में भी विद्यार्थियों ने बिखेरी प्रतिभा
चित्रकला प्रतियोगिता के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर में अंशी सोनी, सेजस बम्हनीडीह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। माध्यमिक स्तर पर तमन्ना प्रधान, चाम्पा ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्राथमिक स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में भूमि धिवर, पीएमश्री प्राथमिक शाला लाखुर्री ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, जिला पंचायत सभापति मोहन कुमारी साहू, जिला पंचायत सभापति आशा साव, जनपद पंचायत बम्हनीडीह अध्यक्ष मनीषा चौहान, बम्हनीडीह नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश डडसेना, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष उत्तरा सिदार, सारागांव भाजपा मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम सूर्यवंशी, जनपद सीईओ प्रज्ञा यादव, नायब तहसीलदार संजय बरेठ, जनपद अध्यक्ष के सलाहकार गोकुल जायसवाल सहित अन्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसके अलावा जेडीएम शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सारागांव के प्राचार्य एवं पूर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी एस.आर. कुर्रे, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बरपाली चाम्पा के प्राचार्य एवं पूर्व एपीसी समग्र शिक्षा जांजगीर विनोद शर्मा तथा लाल बहादुर उच्चतर माध्यमिक शाला के प्राचार्य एस.पी. तिवारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बीईओ बम्हनीडीह बसंत चतुर्वेदी एवं बीआरसी हिरेंद्र बेहार ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ ही उनमें रचनात्मक सोच, अभिव्यक्ति क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम प्रभारी शिव कुमार पटेल एवं लखन लाल कश्यप रहे। कार्यक्रम का संचालन श्यामलाल डडसेना एवं स्मृति तिर्की ने किया। मीडिया प्रभारी उमेश कुमार दुबे, राजेश कुमार कंवर एवं विश्वनाथ कश्यप रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में संत कुमार जोशी, ललिता कंवर, रितिका खोटे, शरद चतुर्वेदी, धरमदास मानिकपुरी, रामदयाल डडसेना, सम्मे सिंह कंवर, कमलेश गुप्ता, ईतवारी लाल साहू, ममता जायसवाल, सरोजनी यादव एवं गोवर्धन चन्द्रा ने अपनी भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में परमेश्वर राठौर, मोहन यादव, उमेश तेम्बुलकर, विकेश केशरवानी, शैलेश दुबे, नीरा प्रधान, डीपी राठौर एवं राजेश कश्यप का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम में विभिन्न संकुलों के प्राचार्य, संकुल शैक्षिक समन्वयक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ देश के भविष्य को लेकर अपनी कल्पनाओं और विचारों को सामने रखने का अवसर मिला। आयोजन ने विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने का संदेश दिया।



