छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
उधारी के पैसों को लेकर खूनी विवाद: पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
खोखरा गांव में शराब पीने के दौरान हुआ था पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद, कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ा, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य

जांजगीर-चांपा। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोखरा में उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब पीने के दौरान शुरू हुए विवाद में दो आरोपियों ने एक युवक के साथ मारपीट की और उसके सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल दूसरा आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खोखरा निवासी देवनारायण सूर्यवंशी 17 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे गांव के ही इतवारी सूर्यवंशी और उसके एक अन्य साथी के साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहा था। इसी दौरान तीनों के बीच उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने देवनारायण के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसके सिर पर पत्थर से जोरदार वार किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के संबंध में 19 नवंबर 2026 को मृतक के भाई कमल सूर्यवंशी, निवासी सूर्या चौक खोखरा ने थाना सिटी कोतवाली जांजगीर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडेन यॉर्क तथा नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के निर्देश पर कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य
हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस की सीन ऑफ क्राइम यूनिट और पुलिस डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया। टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की।
एक आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त पत्थर जब्त
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही इतवारी सूर्यवंशी को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मृतक देवनारायण सूर्यवंशी के साथ उधारी के पैसों को लेकर विवाद होने और मारपीट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कंक्रीट का पत्थर भी जब्त किया है। मामले में शामिल दूसरा आरोपी घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर पतासाजी कर रही है।
फिलहाल पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयासरत है।
पुलिस की आम नागरिकों से अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद और पैसों के लेनदेन को लेकर किसी भी स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। विवाद की स्थिति में मारपीट या हिंसा का रास्ता अपनाने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते विवाद का समाधान किया जा सके और किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।



