Reg No. CG-06-0026209
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.56.31 (1)
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.55.51 (1)
b5ce874a-8a3f-482a-9d4a-eaf6ab18dc7e
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

स्नैपचैट पर दोस्ती, मिलने के बहाने चांपा बुलाया और चाकू की नोक पर कर दी लूटपाट, युवती समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

हनी ट्रैप के जरिए युवक को बनाया शिकार, मारपीट कर 60 हजार रुपये नगद और सोने की अंगूठी लूटी; कोतवाली पुलिस ने गिरोह का किया पर्दाफाश

जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवक को हनी ट्रैप के जाल में फंसाने और मिलने के बहाने चांपा बुलाकर चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह का जांजगीर-चांपा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल एक युवती सहित कुल छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक को सुनसान स्थान पर बुलाकर उसके साथ मारपीट की और चाकू दिखाकर 60 हजार रुपये नगद एवं सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 30 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन तथा दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन तथा सीएसपी कोतवाली योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और वारदात में शामिल सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
 
स्नैपचैट पर हुई दोस्ती, फिर मिलने के बहाने रची गई लूट की साजिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला रायगढ़ निवासी प्रार्थी मनीष वर्मा की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के माध्यम से रायगढ़ क्षेत्र की एक युवती से जान-पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इसी दौरान युवती लगातार युवक को मिलने के लिए चांपा बुला रही थी। युवती की बातों में आकर प्रार्थी उससे मिलने के लिए तैयार हो गया।
बताया गया कि 4 नवंबर 2026 को प्रार्थी अपने एक मित्र के साथ कार से चांपा पहुंचा। यहां युवती के कहने पर उसने अपने मित्र को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार के पास छोड़ दिया और स्वयं युवती के साथ आगे चला गया। युवक को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि जिस मुलाकात के लिए वह यहां पहुंचा है, वह पहले से तैयार की गई लूट की साजिश का हिस्सा है।
रात 12:20 बजे चाकू दिखाकर कार से निकाला, बेल्ट और मुक्कों से की पिटाई
प्रार्थी के अनुसार, रात करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास अचानक छह युवक उसकी कार के पास पहुंचे। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे कार से बाहर निकलने के लिए मजबूर किया। इसके बाद सभी ने मिलकर उसके साथ हाथ-मुक्कों और बेल्ट से जमकर मारपीट की। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
इस दौरान आरोपियों ने प्रार्थी के पास रखे 60 हजार रुपये नगद और उसके हाथ में पहनी सोने की अंगूठी लूट ली तथा मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। प्रारंभिक जांच और विवेचना में युवती की भी आरोपियों के साथ मिलीभगत सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने पूरे गिरोह की तलाश शुरू की।
 
कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर युवती सहित छह आरोपियों को पकड़ा
घटना की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली जांजगीर में अपराध क्रमांक 917/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 308(2), 111(1) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वारदात में शामिल एक युवती सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 30 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
 
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. अमित राठौर (21 वर्ष) निवासी पुरानी बस्ती, वार्ड क्रमांक 12, जांजगीर।
2. रवि झलरिया (24 वर्ष) निवासी हसदेव विहार कॉलोनी, जांजगीर।
3. किशन कर्ष (21 वर्ष) निवासी ग्राम महुदा, थाना चांपा, हाल खडफड़ी पारा, वार्ड क्रमांक 21, जांजगीर।
4. कुनाल पाण्डेय (20 वर्ष) निवासी लिंक रोड, शंकर विहार कॉलोनी, जांजगीर, हाल भोजपुर मिशन हॉस्पिटल, थाना चांपा।
5. मुकेश कश्यप उर्फ छोटू (19 वर्ष) निवासी जोबी (जर्वे च), थाना जांजगीर।
6. एक युवती निवासी जिला रायगढ़ क्षेत्र।
30 हजार रुपये नगद, मोबाइल और दो मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 30 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। मामले में आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील: सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय रहें सतर्क
इस घटना के बाद जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से सोशल मीडिया के इस्तेमाल के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से दोस्ती या बातचीत करते समय उनकी पहचान की पुष्टि अवश्य करें। बिना पर्याप्त जानकारी के किसी अनजान व्यक्ति से मिलने के लिए नहीं जाएं। विशेषकर सुनसान और एकांत स्थानों पर मुलाकात करने से बचें।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, ऑनलाइन धोखाधड़ी या आपराधिक साजिश की आशंका होने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

See also  सीमेंट प्लांट से जहरीली गैस का रिसाव, छात्र-छात्राएं एक के बाद एक होने लगे बेहोश, मचा हड़कंप...

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!