Reg No. CG-06-0026209
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.56.31 (1)
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.55.51 (1)
b5ce874a-8a3f-482a-9d4a-eaf6ab18dc7e
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

स्कूल में पढ़ाई छोड़ बच्चों से कराया जा रहा मिस्त्री का काम!

नवीन प्राथमिक शाला बाजारपारा का वीडियो वायरल, बच्चों के हाथों से बनवाया जा रहा सीमेंट का मसाला, 20 वर्षों से एक ही विद्यालय में पदस्थ हैं प्रधान पाठिका

अकलतरा। अकलतरा विकासखंड के ग्राम कोटमी सोनार स्थित नवीन प्राथमिक शाला बाजारपारा में छोटे-छोटे बच्चों से स्कूल का मरम्मत कार्य कराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। वायरल वीडियो में स्कूली बच्चे बिना किसी सुरक्षा उपकरण के अपने हाथों से सीमेंट का मसाला तैयार करते और स्कूल की दीवारों की भराई करते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना को लेकर ग्रामीणों एवं अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवीन प्राथमिक शाला बाजारपारा में प्रधान पाठिका द्वारा बच्चों से विद्यालय का मरम्मत कार्य कराए जाने का वीडियो व्हाट्सएप ग्रुप में प्रसारित हुआ है। वीडियो में स्पष्ट रूप से छोटे-छोटे बच्चे पढ़ाई करने के बजाय निर्माण कार्य में लगे नजर आ रहे हैं। बच्चे अपने हाथों से सीमेंट का मसाला तैयार कर दीवारों की भराई करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
20 वर्षों से एक ही विद्यालय में पदस्थ हैं प्रधान पाठिका, गृह ग्राम में ही जिम्मेदारी
इस पूरे मामले में एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार, संबंधित प्रधान पाठिका लगभग 20 वर्षों से अपने ही गृह ग्राम स्थित इसी विद्यालय में पदस्थ हैं। लंबे समय से एक ही विद्यालय में पदस्थ रहने को लेकर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि एक ही स्थान पर इतने लंबे समय तक पदस्थ रहने के कारण स्थानीय स्तर पर जवाबदेही और विभागीय निगरानी का अभाव दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षा विभाग को इस लंबे पदस्थापन की भी समीक्षा करनी चाहिए तथा यह जांच करनी चाहिए कि विद्यालय में नियमित निरीक्षण और शैक्षणिक गतिविधियों की निगरानी किस प्रकार की जाती रही है।
गौरतलब है कि स्कूलों में बच्चों से झाड़ू लगवाने, ईंट ढुलवाने, वाहन साफ कराने और अन्य गैर शैक्षणिक कार्य कराए जाने की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रहती हैं। इसके बावजूद ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विद्यालय बच्चों को शिक्षा और बेहतर भविष्य देने का स्थान है, न कि उनसे मजदूरी कराने का।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस तरह की घटनाओं पर शिक्षा विभाग केवल जांच और पंचनामा तक सीमित रह जाता है। यदि संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तो भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति पर रोक लग सकती है। इस मामले की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से जिले के उच्च अधिकारियों तक भी पहुंचाई गई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक विभागीय कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
कार्रवाई होगी या जांच के नाम पर मामला ठंडे बस्ते में जाएगा?
शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत बच्चों को विद्यालय में शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है। उनसे निर्माण कार्य या मजदूरी कराना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। ग्रामीणों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि बच्चों से मरम्मत कार्य कराया जाना प्रमाणित होता है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रधान पाठिका के लंबे समय से एक ही विद्यालय में पदस्थ रहने के मामले की भी विभागीय स्तर पर समीक्षा हो।
अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेता है। क्या बच्चों से काम कराने के मामले में जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या फिर अन्य मामलों की तरह जांच के नाम पर इसे भी ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा?
स्कूल के सामने आंगनवाड़ी बन रहा है। वहां से सीमेंट का घोल लेकर मैं स्वयं गड्ढों को भर रही थी, लेकिन किसी कार्यवश मुझे कार्यालय आना पड़ा और बच्चों ने सीमेंट पकड़ लिया और उसका किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया है। आप चाहें तो उपसरपंच और वहां काम कर रहे मजदूरों से पूछ सकती हैं।
 
रतना सोनी, प्रधान पाठिका प्राथमिक शाला बाजार पारा, कोटमी सोनार
कोटमी सोनार के प्राथमिक शाला की प्रधान पाठिका द्वारा बच्चों को काम कराए जाने की शिकायत मिली है। बच्चों को स्कूल में इस तरह काम कराया जाना मना है। उन पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
 
जिला शिक्षा अधिकारी, जांजगीर

See also  Durg Murder: भांजे ने देखा मामा की हत्या का खौफनाक मंजर! दो नाबालिग हिरासत में, परिजनों ने उठाया बड़ा सवाल- पर्दे के पीछे कौन?

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!