BREAKING NEWS : दिल्ली से रायपुर जाने वाली फ्लाइट में तकनीकी खराबी, विधायक मोतीलाल साहू समेत कई जनप्रतिनिधि विमान में फंसे रहे…

नई दिल्ली। दिल्ली से रायपुर जाने वाली एक फ्लाइट रविवार को तकनीकी खराबी के कारण चर्चा में आ गई। उड़ान से ठीक पहले विमान में आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण फ्लाइट की समय पर उड़ान नहीं हो पाई, और सभी यात्री विमान के अंदर ही फंसे रहे। इस दौरान छत्तीसगढ़ के कई जनप्रतिनिधि भी विमान में सवार थे।
जानकारी के अनुसार, यह फ्लाइट दोपहर 12:30 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना होने वाली थी, लेकिन उड़ान से पहले पायलट और तकनीकी टीम को विमान में गड़बड़ी का संकेत मिला। सुरक्षा कारणों से फ्लाइट का टेकऑफ रोक दिया गया। इसके बाद न तो यात्रियों को विमान से बाहर निकाला गया और न ही वैकल्पिक व्यवस्था की कोई जानकारी दी गई। यात्री लगभग 2:20 बजे तक विमान में ही बैठे रहे, जिससे उनमें असुविधा और घबराहट की स्थिति पैदा हो गई।
फ्लाइट में छत्तीसगढ़ के कोंडागांव से विधायक लता उसेंडी, जांजगीर-चांपा के सांसद कमलेश जांगड़े और धमधा विधायक मोतीलाल साहू भी सवार थे। विधायक मोतीलाल साहू ने बताया कि वे दिल्ली में एक मीटिंग के सिलसिले में आए थे और रायपुर लौट रहे थे। उन्होंने कहा, “हम सभी 12:30 बजे की फ्लाइट में सवार हुए थे, लेकिन उड़ान से पहले तकनीकी खराबी के कारण विमान को रोक दिया गया।
यात्रियों ने एयरलाइंस की ओर से समय पर जानकारी न मिलने पर नाराजगी जताई। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाते हुए कहा कि तकनीकी खामी के बावजूद उन्हें विमान में बैठाकर रखा गया, जिससे असुविधा और घबराहट की स्थिति उत्पन्न हुई। फिलहाल एयरलाइंस ने यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से रायपुर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, लेकिन इस मामले में एयरलाइंस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।



