कटरा जंगल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप के टैंकर में छिपाकर रखा 1000 लीटर अवैध डीजल बरामद
डीजल परिवहन में आगे-आगे चल रही आर्टिगा कार भी जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार; करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध रूप से डीजल के भंडारण और परिवहन के खिलाफ बलौदा एवं अकलतरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने ग्राम बिरगहनी-कटरा जंगल मार्ग पर घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन के पीछे बने लोहे के टैंकर में छिपाकर ले जाया जा रहा करीब 1000 लीटर डीजल बरामद किया। बरामद डीजल की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने डीजल परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे पिकअप वाहन के साथ आगे चलकर रास्ते की निगरानी कर रही आर्टिगा कार को भी जब्त किया।
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पिकअप, आर्टिगा कार और डीजल समेत करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर कटरा जंगल में घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन में जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन क्रमांक CG-15-DL-6268 के पीछे डाले में बनाए गए लोहे के टैंकर में बड़ी मात्रा में डीजल भरकर हरदीबाजार रोड की ओर ले जाया जा रहा है। इसके साथ ही एक आर्टिगा कार क्रमांक CG-10-AD-8114 आगे चल रही है, जो रास्ते की निगरानी करते हुए पिकअप को फॉलो कर रही है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर कटरा जंगल मार्ग की ओर रवाना किया गया। पुलिस टीम ने बिरगहनी-कटरा जंगल मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप और उसके आगे चल रही आर्टिगा कार को रोककर जांच शुरू की।
लोहे के टैंकर में छिपाकर रखा था डीजल
जांच के दौरान पिकअप वाहन के पीछे लगे डाले में लोहे का एक टैंकर मिला। पुलिस द्वारा टैंकर की जांच किए जाने पर उसमें करीब 1000 लीटर डीजल भरा हुआ पाया गया। बरामद डीजल की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने वाहन में सवार नरेश कुमार भारती, भीमसिंह गोंड़ और रामनरेश प्रजापति से डीजल के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे डीजल के परिवहन एवं भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने डीजल और दोनों वाहनों को जब्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ विधिवत कार्रवाई की।
15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भीमसिंह गोंड़ के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन तथा उसमें रखा करीब एक लाख रुपये कीमत का 1000 लीटर डीजल जब्त किया। वहीं नरेश कुमार भारती के कब्जे से करीब 9 लाख रुपये कीमत की आर्टिगा कार जब्त की गई।
इस प्रकार पुलिस द्वारा दोनों वाहनों और डीजल सहित कुल करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। बरामद डीजल को वाहन के अंदर ही सीलबंद कर पुलिस कब्जे में लिया गया है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
1. नरेश भारती, पिता स्व. पूरन भारती, उम्र 34 वर्ष, निवासी सरईताल बुड़गहन, थाना बलौदा।
2. भीमसिंह, पिता स्व. रूपसिंह गोंड़, उम्र 43 वर्ष, निवासी बुड़गहन, थाना बलौदा।
3. रामनरेश प्रजापति, पिता बलदाऊ प्रजापति, उम्र 31 वर्ष, निवासी बुड़गहन, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में डीजल के स्रोत और इसके परिवहन के उद्देश्य सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस टीम का रहा सराहनीय योगदान
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, थाना प्रभारी बलौदा, निरीक्षक जय कुमार साहू, थाना प्रभारी अकलतरा, एएसआई रामदुलार साहू, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर, साइबर टीम एवं दोनों थानों के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



