छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
सेवा संकल्प अभियान: पकरिया-झू में लगा सेवा सेतु शिविर, ग्रामीणों को एक ही मंच पर मिलीं सरकारी योजनाओं की सुविधाएं
आजीविका ऋण मेले में 263 प्रकरणों में 13.14 करोड़ रुपये स्वीकृत, 143 हितग्राहियों को 10.80 करोड़ रुपये का वितरण, नए लखपति दीदियों का सम्मान, ई-रिक्शा, आटा चक्की, मिनी राइस मिल और फोटो कॉपी मशीन का वितरण

जांजगीर-चांपा। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ की पहल के तहत विकासखंड अकलतरा की ग्राम पंचायत पकरिया-झू में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस दौरान ग्रामीणों और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा राजस्व, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और आजीविका से जुड़ी सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि सेवा सेतु अभियान ऐसा मंच है, जहां ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल रहा है। शासन स्वयं ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचकर उन्हें योजनाओं से जोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से हितग्राहियों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, सुमित प्रताप सिंह, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
विभिन्न योजनाओं का मिला मौके पर लाभ
शिविर में स्वच्छता शपथ दिलाकर ग्रामीणों ने स्वच्छ गांव और स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया। वहीं अन्नप्राशन कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के पोषण और स्वस्थ विकास का संदेश दिया गया। दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल एवं अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए गए। पात्र हितग्राहियों को जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र के साथ बी-1, नक्शा, खसरा और ऋण पुस्तिका जैसी विभिन्न राजस्व सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना तथा मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। इसके अलावा नोनी सशक्तिकरण योजना, पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा गया।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना एवं स्वामित्व योजना सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
बीमा और पेंशन योजनाओं से भी जोड़े गए ग्रामीण
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के 112, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के 98 तथा अटल पेंशन योजना के 15 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया। इससे ग्रामीणों को सामाजिक एवं वित्तीय सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत एक क्लेम प्रकरण में एक लाख रुपये की राशि भी प्रदान की गई।
स्वरोजगार के लिए संसाधन मिले, रोजगार के नए अवसर खुलेंगे
ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने और स्थानीय स्तर पर आय के अवसर विकसित करने के उद्देश्य से हितग्राहियों को विभिन्न रोजगारपरक संसाधनों का वितरण किया गया। इनमें चार आटा चक्की, एक मिनी राइस मिल, एक फोटो कॉपी मशीन और दो ई-रिक्शा शामिल हैं।
इन संसाधनों से हितग्राहियों को अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में व्यवसाय शुरू करने तथा नियमित आय अर्जित करने में सहायता मिलेगी। शिविर में स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को भी रेखांकित किया गया। इस अवसर पर नए लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया।
आजीविका ऋण मेले में 13.14 करोड़ रुपये के प्रकरण स्वीकृत
शिविर का प्रमुख आकर्षण आजीविका ऋण मेला रहा। इसमें कुल 263 प्रकरणों में 13.14 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई, जबकि 143 प्रकरणों में 10.80 करोड़ रुपये का वितरण किया गया।
बिहान योजना के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों के 123 प्रकरणों में 6.91 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए तथा 60 प्रकरणों में 2.78 करोड़ रुपये का वितरण हुआ। मुद्रा ऋण के 21 प्रकरणों में 28 लाख रुपये स्वीकृत किए गए, जिसमें एक प्रकरण में एक लाख रुपये का वितरण किया गया।
इसी तरह महिला उद्यमी ऋण के अंतर्गत 16 प्रकरणों में 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए तथा चार प्रकरणों में 4.60 लाख रुपये का वितरण हुआ। ऋण स्वीकृति एवं वितरण के चेक भी हितग्राहियों को प्रदान किए गए।
शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा
सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने भी ग्रामीणों को मौके पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर स्थल पर पोर्टेबल एक्स-रे, एनसीडी यानी गैर-संचारी रोगों की जांच तथा नेत्र परीक्षण की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध रही।
ग्रामीणों की मौके पर स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श और मार्गदर्शन दिया गया। इससे ग्रामीणों को सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं विभिन्न परीक्षणों के लिए दूर स्थित स्वास्थ्य केंद्रों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी और उन्हें एक ही स्थान पर कई स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।
आगे इन ग्राम पंचायतों में लगेंगे विशेष शिविर
सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत जिले के विभिन्न विकासखंडों में ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत विशेष शिविरों का आयोजन जारी रहेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 03 अक्टूबर को पामगढ़ के डीएव्ही स्कूल ग्राउंड, ग्राम पंचायत कुटराबोड़, 05 अक्टूबर को बलौदा के अटल समरसता भवन जावलपुर, 06 अक्टूबर को नवागढ़ के हाई स्कूल परिसर, ग्राम पंचायत सेमरा तथा 08 अक्टूबर को बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत पोड़ीशंकर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला बाजार चौक में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने तथा रोजगार एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।



