होटल कारोबारी दीपक टंडन की मुश्किलें फिर बढ़ीं, कोयला ठेका दिलाने के नाम पर 27.90 लाख ठगी के मामले में 6वीं FIR दर्ज

कोरबा/रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित होटल कारोबारी दीपक टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। रायपुर, बिलासपुर और सक्ति के बाद अब कोरबा जिले के दीपका थाने में उनके खिलाफ छठा मामला (FIR) दर्ज किया गया है। पीड़ित द्वारा दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, आरोपी ने कोयला का ठेका दिलाने के नाम पर 27 लाख 90 हजार रुपये की धोखाधड़ी की और रकम वापस मांगने पर जान से मारने तथा झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी। दीपका पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की विधिवत जांच शुरू कर दी है।
वर्ष 2020 के पुराने मामले में समझौते का झांसा और फर्जी चेक
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वार्ड क्रमांक 09 निवासी अंकित सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके पिता महेंद्र सिंह के साथ पूर्व में 27 लाख 90 हजार रुपये की ठगी की गई थी। इस संबंध में वर्ष 2020 में थाना दीपका में अपराध क्रमांक 160/2020 दर्ज कराया गया था। आरोप है कि बाद में दीपक टंडन ने समझौते के लिए शपथ पत्र दिया और पांच लाख रुपये तत्काल देने के साथ शेष राशि किस्तों में लौटने का आश्वासन दिया था। 20 मई 2023 को आरोपी ने 5 लाख रुपये का चेक दिया, जो बैंक में जांच कराने पर पहले से ही होल्ड पाया गया। इसके बाद जब पीड़ित ने 10 जुलाई 2024 को कटघोरा कोर्ट में पेशी के दौरान पैसे मांगे, तो दीपका के बुधवारी चौक पर बुलाकर आरोपी ने गाली-गलौज की और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने व जान से खत्म करने की धमकी दी।
बिलासपुर में गिरफ्तारी के बाद पीड़ित ने जुटाई हिम्मत
शिकायतकर्ता अंकित सिंह ने बताया कि घटना के समय डर के कारण उन्होंने पुलिस में शिकायत नहीं की थी। हालांकि, हाल ही में बिलासपुर पुलिस द्वारा दीपक टंडन को गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आने के बाद उन्होंने हिम्मत जुटाई और दीपका थाने में लिखित आवेदन देकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
दीपक टंडन के खिलाफ अब तक दर्ज प्रमुख मामले:
1. बिलासपुर मामला: 29 अक्टूबर 2026 को AI की मदद से तस्वीर बदलकर आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित करने का आरोप (FIR क्रमांक 798/2026)।
2. रायपुर मामला: आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर सरकारी सील तोड़ने और धमकी देने का केस।
3. रायपुर मामला: VIP रोड स्थित एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट और जमीन के सौदे में 36 लाख से अधिक के भुगतान से जुड़ा विवाद।
4. रायपुर मामला: 2023 मॉडल की टोयोटा फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये लेकर गाड़ी और रकम न लौटने का आरोप।
5. सक्ती मामला: कारोबारी किशन शर्मा द्वारा सरकारी कोयला टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये ठगने की शिकायत।
6. कोरबा मामला: दीपका थाने में कोयला ठेका दिलाने के नाम पर 27.90 लाख रुपये की धोखाधड़ी और धमकी का नया मामला।



