सूदखोरों पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 40 हजार के कर्ज पर वसूले 2.5 लाख, 160 ब्लैंक चेक समेत करोड़ों के दस्तावेज जब्त

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध सूदखोरी और गिरवी रखे सोने-चांदी के आभूषणों की हेराफेरी के मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, बैंक पासबुक, हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक, एटीएम कार्ड और गिरवी रखे आभूषणों से जुड़े रिकॉर्ड बरामद किए गए हैं।
40 हजार के कर्ज पर ढाई लाख की वसूली
पहले मामले में बसना पुलिस ने रायपुर के मोवा स्थित डॉल्फिन प्लाजा में दबिश देकर आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा को गिरफ्तार किया है। आरोपी बसना का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, एक पीड़ित ने उससे 40 हजार रुपये का कर्ज लिया था। आरोप है कि इस छोटी सी रकम के बदले आरोपी ने पीड़ित से करीब ढाई लाख रुपये वसूल लिए।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 160 हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक, 48 खाली स्टांप, 27 एटीएम, डेबिट और क्रेडिट कार्ड, 24 बैंक पासबुक, 9 ऋण पुस्तिकाएं, जमीन से जुड़े दस्तावेज और 1 लाख 20 हजार रुपये नकद जब्त किए गए।
सोना-चांदी गिरवी रखकर लौटाने से कर रहा था इनकार
दूसरी कार्रवाई सांकरा में की गई, जहां पुलिस ने श्याम ज्वेलर्स के संचालक राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों के सोने-चांदी के आभूषण गिरवी रखकर वापस नहीं करने का आरोप है।
शिकायतों के अनुसार, आरोपी लोगों से आभूषण गिरवी रखने के बदले रकम देता था, लेकिन बाद में उन्हें वापस करने से इनकार कर देता था। इतना ही नहीं, गिरवी रखे गए आभूषणों को गलाने की भी बात सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20 रजिस्टर, 7 कॉपियां, गिरवी रखने की रसीदें, मोबाइल फोन, साहूकार लाइसेंस और करीब 15 ग्राम गला हुआ सोना सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।
दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी
महासमुंद पुलिस की इन दोनों कार्रवाइयों से अवैध सूदखोरी और गिरवी के नाम पर चल रहे कथित गोरखधंधे का खुलासा हुआ है। पुलिस अब जब्त दस्तावेजों और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर लेन-देन की पड़ताल कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क से और कितने लोग प्रभावित हुए हैं।



