छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
आरडी खाते में रकम जमा करने का झांसा देकर एक करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी, पोस्ट ऑफिस एजेंट ने करीब 150 खाताधारकों से की ठगी, चांपा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। पोस्ट ऑफिस में आरडी (रिकरिंग डिपॉजिट) खाता खुलवाकर नियमित रूप से राशि जमा करने का झांसा देकर खाताधारकों से एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के मामले में चांपा पुलिस ने पोस्ट ऑफिस एजेंट को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने करीब 150 खाताधारकों की रकम पोस्ट ऑफिस खातों में जमा नहीं करने की बात स्वीकार की है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तीन मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और चेकबुक जब्त किए हैं।
यह कार्रवाई एसपी विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में थाना चांपा पुलिस द्वारा की गई।
₹1.21 लाख लेने के बाद खाते में जमा किए सिर्फ ₹21 हजार
मामले का खुलासा तब हुआ जब चांपा निवासी प्रार्थी हेमंत कुमार देवांगन ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी के अनुसार कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु तथा उसकी मां लक्ष्मी गुप्ता पोस्ट ऑफिस चांपा में एजेंट के रूप में कार्य करते हैं। दोनों ने पोस्ट ऑफिस में राशि जमा करने पर बेहतर लाभ मिलने का भरोसा दिलाकर आरडी खाता खुलवाया था।
आरोप है कि आरोपी कृष्णकांत ने प्रार्थी से 1 सितंबर 2022 से 12 फरवरी 2026 के बीच कुल 1,21,200 रुपये जमा करने के नाम पर लिए। इन रकमों की एंट्री आरोपी द्वारा दी गई डायरी में की जाती थी। बाद में जब प्रार्थी ने पोस्ट ऑफिस से अपने खाते की जानकारी ली तो पता चला कि उसके खाते में केवल 21,000 रुपये ही जमा किए गए थे। इस तरह 1,00,200 रुपये खाते में जमा नहीं किए गए।
पूछताछ में सामने आया 150 खाताधारकों का मामला
शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 430/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5), 318(3), 3(5) के तहत विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु, पिता राजेश गुप्ता, उम्र 39 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने प्रार्थी से ली गई राशि को आरडी खाते में जमा नहीं करने और उसका गबन करने की बात स्वीकार की। इसके साथ ही आरोपी ने पोस्ट ऑफिस के करीब 150 खाताधारकों की एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि खातों में जमा नहीं करने की बात भी बताई।
शेयर ट्रेडिंग में लगाने की बात
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने खाताधारकों से प्राप्त राशि को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से निवेश करने की बात बताई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, बैंक पासबुक एवं चेकबुक जब्त किए हैं। पुलिस द्वारा मामले में आगे भी खाताधारकों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है और धोखाधड़ी की कुल राशि का सत्यापन किया जा रहा है।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक भवानी सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक भुवनेश्वर राठौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रूकसाना बानो, आरक्षक ईश्वरी राठौर, मुद्रिका दुबे सहित थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की जांच के बाद अब इस मामले में सामने आए करीब 150 खाताधारकों की रकम और अन्य वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है, जिससे धोखाधड़ी की वास्तविक राशि का और अधिक स्पष्ट रूप से पता चल सके।



