दीपक टंडन के खुलासों से मचेगा हड़कंप! अब पत्नी बरखा को रिमांड पर लेगी पुलिस, आमने-सामने बैठाकर होगी पूछताछ, उगले सहयोगियों के नाम

रायपुर। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की कथित ठगी, होटल पर कब्जा और ब्लैकमेलिंग के मामले में गिरफ्तार दीपक टंडन से रायपुर पुलिस की पूछताछ लगातार जारी है। जांच के दौरान दीपक ने कथित ठगी के नेटवर्क में शामिल कई सहयोगियों के नाम बताए हैं। अब पुलिस इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए उसकी पत्नी बरखा टंडन से भी पूछताछ करने की तैयारी में है। बरखा पहले से ही जेल में बंद है। रायपुर पुलिस ने उसे रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया है। पुलिस की योजना पति-पत्नी को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करने की है, ताकि दोनों के बयानों का मिलान किया जा सके।
दो डीसीपी समेत वरिष्ठ अधिकारी कर रहे पूछताछ, ठिकानों पर छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जांच में जुटे हैं। दो डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारी स्तर के अधिकारी दीपक टंडन से लगातार पूछताछ कर रहे हैं। वहीं, पुलिस की अलग-अलग टीमों ने उसके घर, होटल और अन्य संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर तलाशी ली है। कार्रवाई के दौरान दीपक और बरखा टंडन के मोबाइल फोन, लैपटॉप, सीडी सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। इनकी तकनीकी जांच के जरिए पुलिस महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य जुटाने की कोशिश कर रही है।
ठगी की रकम कहां खपाई? बेनामी संपत्तियों और बैंक खातों की जांच
पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि कथित ठगी से जुटाई गई रकम कहां और किन लोगों के पास पहुंची। जांच में फर्जी दस्तावेजों, संदिग्ध बैंक खातों और संभावित बेनामी संपत्तियों को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा दीपक के संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस कथित नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल था तथा ठगी की रकम का इस्तेमाल किन कामों में किया गया।
चार जिलों में आठ एफआईआर, AI तस्वीरों से ब्लैकमेलिंग का आरोप
गौरतलब है कि पुलिस दीपक टंडन को मंगलवार को बिलासपुर से प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर लेकर आई थी। उसे सीजेएम कोर्ट में पेश करने के बाद तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। दीपक के खिलाफ रायपुर में पांच और बिलासपुर, सक्ती तथा कोरबा में तीन अन्य एफआईआर दर्ज हैं। इस तरह चार जिलों में कुल आठ मामले दर्ज हैं, जबकि 11 अन्य शिकायतों की जांच भी जारी है।
दीपक टंडन पर फॉर्च्यूनर दिलाने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी, कोयला कारोबारियों को एसईसीएल में ठेका दिलाने का झांसा देने, होटल पर अवैध कब्जा करने और AI से तैयार तस्वीरों के जरिए लोगों को ब्लैकमेल करने जैसे गंभीर आरोप हैं। वहीं, उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज है। अब पुलिस की नजर बरखा से होने वाली पूछताछ पर है। माना जा रहा है कि दोनों से अलग-अलग और आमने-सामने पूछताछ के बाद इस मामले में कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।



