महादेव बेटिंग ऐप केस: फरार शुभम सोनी पर ED का शिकंजा, विशेष अदालत ने जारी किया गैर-जमानती वारंट

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में फरार चल रहे शुभम सोनी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की विशेष अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया है। ईडी ने शुभम सोनी को इस मामले के प्रमुख आरोपियों में शामिल बताया है। वारंट जारी होने के बाद उसकी गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज होने की संभावना है।
दरअसल, नवंबर 2023 में शुभम सोनी का एक वीडियो सामने आया था। इसमें उसने खुद को महादेव बेटिंग ऐप का असली मालिक बताया था। वीडियो में दावा किया था कि वर्ष 2021 में भिलाई से इस ऐप की शुरुआत हुई थी। उसने यह भी कहा था कि ऐप से जुड़े जरूरी दस्तावेज उसके नाम पर हैं और वह इसके सबूत भी दे सकता है।
वीडियो में शुभम सोनी ने तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कहने पर दुबई जाने का दावा भी किया था। इसके साथ ही उसने 508 करोड़ रुपये प्रोटेक्शन मनी के रूप में पहुंचाए जाने का आरोप लगाया था। उसके इन दावों के बाद महादेव बेटिंग ऐप का मामला काफी सुर्खियों में आया था।
ईडी इस पूरे मामले की मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है। जांच एजेंसी ने शुभम सोनी को मामले के प्रमुख आरोपियों में शामिल किया है। अब विशेष अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद उसकी तलाश और गिरफ्तारी को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



