छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
शिवरीनारायण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: देवरी सबरिया डेरा में अवैध महुआ शराब बनाने के ठिकाने पर छापा, 50-60 पॉलिथीन और 4 ड्रम महुआ लहान नष्ट
नदी किनारे और जंगल में चल रहा था अवैध शराब निर्माण का कारोबार, करीब 50 हजार रुपये कीमत की सामग्री जब्त कर मौके पर की गई नष्ट करने की कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शिवरीनारायण थाना पुलिस ने ग्राम देवरी के सबरिया डेरा में अवैध कच्ची महुआ शराब बनाने के ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस ने नदी किनारे और जंगल में दबिश देकर शराब बनाने के लिए तैयार किए गए भारी मात्रा में महुआ लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई में लगभग 50 से 60 पॉलिथीन तथा चार बड़े प्लास्टिक ड्रम में भरा महुआ लहान बरामद हुआ। इसके साथ ही शराब निर्माण में उपयोग किए जाने वाले बर्तन भी मिले। नष्ट की गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस तोमेश वर्मा द्वारा शिवरीनारायण तथा आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण और बिक्री करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शिवरीनारायण थाना पुलिस को मुखबिर से ग्राम देवरी के सबरिया डेरा में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बनाने की सूचना मिली। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने 14 एवं 15 नवंबर 2026 को लगातार अभियान चलाकर संबंधित स्थानों पर दबिश दी।
पुलिस टीम जब ग्राम देवरी के सबरिया डेरा स्थित नदी किनारे एवं जंगल के अंदर पहुंची तो वहां शराब निर्माण से संबंधित सामग्री बरामद हुई। मौके पर 50 से 60 पॉलिथीन तथा चार बड़े प्लास्टिक ड्रम में महुआ लहान भरा हुआ मिला। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन भी बरामद किए गए। हालांकि, पुलिस की दबिश के दौरान मौके पर शराब बनाने वाले लोग मौजूद नहीं मिले।
पुलिस ने अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार किए गए महुआ लहान और अन्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कच्ची महुआ शराब बनाने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
अवैध शराब कारोबारियों पर जारी रहेगी सख्ती
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण एवं बिक्री करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा ऐसे अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक एवं थाना प्रभारी शिवरीनारायण के.पी. सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गोपी सिंह, सहायक उप निरीक्षक महादेव खुंटे, प्रधान आरक्षक नफीस हुसैन तथा आरक्षक पतिराम यादव, मुकेश साहू, प्रवीण साहू, टुकेश्वर डडसेना, रामकुमार कश्यप सहित थाना शिवरीनारायण के अन्य पुलिस स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



