Reg No. CG-06-0026209
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.56.31 (1)
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.55.51 (1)
b5ce874a-8a3f-482a-9d4a-eaf6ab18dc7e
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

शराब के आरोपियों को छोड़ने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 पुलिसकर्मी निलंबित

1.5 लाख रुपये लेकर आरोपियों को छोड़ने का आरोप, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सहित छह पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज; एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने दिए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश

जांजगीर-चांपा। जिले में पुलिस विभाग की छवि को प्रभावित करने वाले कथित भ्रष्टाचार के एक गंभीर मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। शराब बिक्री के आरोपियों को कथित तौर पर पैसे लेकर छोड़ने के मामले में थाना सारागांव में पदस्थ एक प्रशिक्षु उप निरीक्षक सहित छह पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वहीं, पूरे मामले की आगे की जांच नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) जांजगीर योगिताबाली खापर्डे को सौंपी गई है।
मामले के अनुसार, दिनांक 11 नवंबर 2026 को एक दैनिक समाचार पत्र में ‘1.5 लाख लेकर शराब के आरोपियों को छोड़ा’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित हुआ था। समाचार में थाना सारागांव में पदस्थ पुलिसकर्मियों पर शराब बिक्री के मामले में कार्रवाई के दौरान कथित रूप से रकम लेकर आरोपियों को छोड़ने के गंभीर आरोप लगाए गए थे। प्रकाशित खबर को पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल मामले की जांच नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर से कराई।
जांच में सामने आया रकम के लेन-देन का मामला
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 4 नवंबर 2026 को धारा 36(च) आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरण में आरोपी गोपाल से थाना सारागांव में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू सहित छह पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से रकम का लेन-देन किया गया था। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित पाए जाने और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।
 
इन छह पुलिसकर्मियों को किया गया निलंबित
पुलिस अधीक्षक के आदेश पर निलंबित किए गए पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों में प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक क्रमांक 361 अर्जुन जांगड़े, आरक्षक क्रमांक 22 दीपक सिंह, आरक्षक क्रमांक 05 शंकर जयकिशन, आरक्षक क्रमांक 495 सुनील रमन एवं आरक्षक क्रमांक 11 गोवर्धन टाईगर शामिल हैं। ये सभी थाना सारागांव में पदस्थ थे।
 
CSP योगिताबाली खापर्डे करेंगी आगे की जांच
पुलिस अधीक्षक ने मामले की विस्तृत और निष्पक्ष जांच के लिए CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे को जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें निर्देशित किया गया है कि प्रकाशित समाचार के संबंध में संबंधित मीडियाकर्मी का कथन दर्ज कर खबर के तथ्यों और उसके स्रोत की जानकारी प्राप्त की जाए। इसके साथ ही आबकारी अधिनियम के मामले में आरोपी गोपाल गोंड़ से कथित रकम के लेन-देन के संबंध में विस्तार से पूछताछ कर उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जाए।
जांच के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बयान दर्ज कर उनकी भूमिका और संलिप्तता का भी बारीकी से परीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा यदि किसी अन्य नागरिक के पुलिसकर्मियों और आरोपी के बीच कथित लेन-देन में मध्यस्थता करने के साक्ष्य मिलते हैं, तो उस व्यक्ति का भी बयान दर्ज कर उसकी भूमिका की जांच की जाएगी।
 
आरोप प्रमाणित होने पर दर्ज होगा अपराध
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि जांच में भ्रष्टाचार और अवैध रूप से रकम के लेन-देन के आरोप प्रमाणित होते हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।
 
एसपी का सख्त संदेश—भ्रष्टाचार करने वालों को नहीं मिलेगी कोई छूट
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, अवैध लेन-देन और अनुचित गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने जांच को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी किसी भी पद पर क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा और उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही कायम रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब सभी की नजरें CSP स्तर पर होने वाली विस्तृत जांच और उसमें सामने आने वाले तथ्यों पर टिकी हुई हैं।

See also  नाबालिक बालिका को चाकलेट का लालच देकर छेड़छाड़ कर दैहिक शोषण करने का प्रयास करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चौकी नैला पुलिस की कार्यवाही...

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!