रायपुर की न्यू राजेंद्र नगर चौपाटी में भीषण आग! आधा दर्जन दुकानें जलकर खाक, सिलेंडर ब्लास्ट से मची अफरा-तफरी

रायपुर। राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित चौपाटी में रविवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से करीब 5 से 6 खाने-पीने की दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। इस घटना में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आगजनी के दौरान एक दुकान में सिलेंडर ब्लास्ट होने से नुकसान और बढ़ गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चौपाटी में आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की होगी। देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों में रखा सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
Raipur News: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की दो गाड़ियों की मदद से लगातार प्रयास किए गए। इस दौरान सिलेंडर ब्लास्ट होने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लाखों के नुकसान का अनुमान
जोन अध्यक्ष सचिन मेघानी ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई थी। चौपाटी में खाने-पीने की करीब 5 से 6 दुकानें आग की चपेट में आई हैं। दुकानों में रखा सामान पूरी तरह जल गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों और कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



