रिश्वत लेते बाबू का वीडियो वायरल! तहसील कार्यालय में पैसे लेते दिखे शिक्षक, शिक्षा विभाग ने थमाया नोटिस

मुंगेली। जिले के जरहागांव तहसील कार्यालय से रिश्वतखोरी का कथित मामला सामने आया है। तहसील कार्यालय में बाबू के पद पर अटैच रहे एक शिक्षक का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में फरहदा में पदस्थ शिक्षक दीपक गोस्वामी कथित तौर पर पैसे लेते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, निशानेबाज न्यूज वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल मच गई है। मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों ने शिक्षक से जवाब तलब किया है। जानकारी के अनुसार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने शिक्षक दीपक गोस्वामी को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
वायरल वीडियो के बाद विभागीय कार्रवाई
बताया जा रहा है कि दीपक गोस्वामी फरहदा में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं और उन्हें जरहागांव तहसील कार्यालय में बाबू के रूप में अटैच किया गया था। इसी दौरान का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वे पैसे लेते नजर आ रहे हैं।
अब शिक्षा विभाग ने वायरल वीडियो को लेकर शिक्षक से जवाब मांगा है। 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षक के जवाब और विभागीय जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी। निशानेबाज न्यूज वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।



