छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
अकलतरा पुलिस की तत्परता से टली बड़ी आगजनी, 14 लोगों की बचाई जान, आधी रात कपड़ा दुकान में लगी भीषण आग, प्रथम तल पर फंसे 5 परिवारों को पुलिस ने सुरक्षित निकाला

जांजगीर-अकलतरा। थाना अकलतरा क्षेत्र में बीती देर रात एक कपड़ा दुकान में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। दुकान के प्रथम तल पर पांच परिवारों के 14 सदस्य फंस गए थे। इसी दौरान रात्रि गश्त पर निकली अकलतरा पुलिस की टीम ने समय रहते आग और धुएं को देख लिया तथा तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। पुलिस की तत्परता और साहसिक कार्रवाई से 14 लोगों की जान बच गई और आसपास की दुकानों को भी आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
रात 2:30 बजे पुलिस ने देखा आग का भयावह मंजर
बीती देर रात करीब 2:30 बजे थाना अकलतरा का गश्ती दल अम्बेडकर चौक स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स के पास पहुंचा। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को वहां संचालित कपड़ा दुकान नीरज कलेक्शंस से तेज आग की लपटें और घना धुआं निकलता दिखाई दिया। पुलिस ने तत्काल आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी और आग की स्थिति का जायजा लेना शुरू किया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दुकान के प्रथम तल पर परिवार निवासरत हैं और आग के कारण उनके बाहर निकलने का रास्ता बंद हो चुका है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
सीढ़ियों पर लपटें, फिर भी नहीं मानी हार
आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि प्रथम तल से नीचे आने वाली सीढ़ियां भी आग की तेज लपटों की चपेट में आ चुकी थीं। ऐसे में ऊपर फंसे लोगों के लिए नीचे उतरना बेहद मुश्किल था। पुलिस ने तत्काल विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्था कराई और सुरक्षित तरीके से प्रथम तल पर पहुंचकर लोगों को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस की सूझबूझ और तत्परता से प्रथम तल पर निवासरत 5 परिवारों के कुल 14 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू किए गए लोगों में 4 बच्चे, 4 महिलाएं एवं 2 पुरुष सहित कुल 14 लोग शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से एक बड़ी जनहानि होने से टल गई।
ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद पुलिस ने आग पर नियंत्रण पाने के लिए तत्काल होमगार्ड जांजगीर तथा जे.एस.डब्ल्यू. प्लांट की फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दोनों अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। पुलिस एवं अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोक लिया गया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आग के और अधिक फैलने से बड़ा नुकसान होने की आशंका थी।

पुलिस की सजगता ने बचाई 14 जिंदगियां
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम द्वारा समय रहते आग की घटना को देख लेना इस पूरे रेस्क्यू अभियान में निर्णायक साबित हुआ। पुलिसकर्मियों ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना आग की लपटों के बीच फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया और सभी 14 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
अकलतरा पुलिस की सजगता, तत्परता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता के चलते न केवल 14 लोगों की जान बची, बल्कि आसपास की दुकानों में आग फैलने से भी रोक दिया गया। रेस्क्यू किए गए परिवारों और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू, थाना प्रभारी अकलतरा, आरक्षक शैलेन्द्र राठौर सहित थाना अकलतरा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा अग्निशमन दल होमगार्ड जांजगीर एवं जे.एस.डब्ल्यू. प्लांट फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने भी आग बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अकलतरा पुलिस की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई ने एक संभावित बड़ी आगजनी और जनहानि को टाल दिया। पुलिसकर्मियों की सजगता के कारण आग में फंसे पांच परिवारों के 14 लोगों को सुरक्षित जीवनदान मिला।



