Reg No. CG-06-0026209
IMG-20250604-WA0015-1
IMG-20250604-WA0014-1
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.56.31 (1)
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.55.51 (1)
b5ce874a-8a3f-482a-9d4a-eaf6ab18dc7e
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, जांजगीर-चांपा में कलेक्टोरेट का घेराव

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और निर्वाचन प्रक्रिया की उच्चस्तरीय समीक्षा की मांग, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोका

जांजगीर-चांपा। कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग और निर्वाचन आयोग के निर्णयों की उच्चस्तरीय समीक्षा की मांग को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में जिलेभर से पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर कलेक्टोरेट का घेराव किया। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन की ओर से कलेक्टोरेट परिसर के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
 
बंद पेट्रोल पंप से शुरू हुई रैली
कांग्रेस कार्यकर्ता सबसे पहले मदनलाल के बंद पेट्रोल पंप के पास एकत्रित हुए। यहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी की। इसके बाद बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रैली के रूप में कलेक्ट्रेट चौक की ओर रवाना हुए। हाथों में पार्टी के झंडे और विभिन्न मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े।
कलेक्ट्रेट चौक पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया और अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए।
 
भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग के बीच प्रदर्शन
पुतला दहन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय की ओर आगे बढ़े। प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से पहले से सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। कलेक्टोरेट के मुख्य मार्ग और प्रवेश द्वार के पास बैरिकेडिंग की गई थी। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि प्रदर्शनकारी कलेक्टोरेट परिसर में प्रवेश न कर सकें।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बैरिकेडिंग के पास काफी देर तक प्रदर्शन और नारेबाजी का दौर चलता रहा। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टोरेट के मुख्य गेट के सामने ही सभा की।
 
गेट पर पहुंचकर अधिकारियों ने लिया ज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी कलेक्टोरेट के मुख्य गेट पर पहुंचे। अधिकारियों ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल और जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप से चर्चा की। इसके बाद कांग्रेस नेताओं की ओर से अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा गया।
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े आरोपों की जांच कराने, निर्वाचन आयोग के निर्णयों की उच्चस्तरीय समीक्षा करने तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी।
 
राजेश अग्रवाल ने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और मतदाता अधिकारों से जुड़े सवालों को लेकर आंदोलन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था में लिए जा रहे कुछ निर्णयों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कथित ‘वोट चोरी’ के खुलासों और मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया की जांच की मांग की।
उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग दोहराते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता के अधिकारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
 
विधायक व्यास कश्यप बोले—मताधिकार की रक्षा कांग्रेस का कर्तव्य
जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि जनता के मताधिकार की रक्षा करना और संविधान की मूल भावना को सुरक्षित रखना कांग्रेस की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्वाचन आयोग के भीतर निर्णय प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अन्य आयुक्तों की आपत्तियों को दरकिनार कर निर्णय लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच अपनी आवाज उठाती रहेगी।
 
स्वतंत्र न्यायिक समीक्षा की मांग
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के कार्यकाल में लिए गए विभिन्न निर्णयों तथा मतदाता सूची में हुए कथित बदलावों की उच्चस्तरीय एवं स्वतंत्र न्यायिक समीक्षा कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए पारदर्शिता और निष्पक्षता जरूरी है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
जिलेभर से पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता
प्रदर्शन में प्रदेश सचिव हरप्रसाद साहू, रमेश पैगवार, रफीक सिद्दीकी, नागेंद्र गुप्ता, कन्हैया राठौर, किशन सोनी, भगवान दास गड़ेवाल, अजीत राणा, ब्लॉक अध्यक्ष रामबिलास राठौर, सुनील साधवानी, प्रकाश तिवारी, गौरव सिंह, नवल सिंह ठाकुर, जितेंद्र वर्मा, जिला पंचायत सदस्य लोकेश राठौर, ज्योति किशन कश्यप, माधुरी आदित्य, पंकज शुक्ला, सेवक देवांगन, अजय दिव्य, नेहा केसरवानी, सीमा शर्मा, काजल सिंह, किसान सोनी, हरीश पाण्डेय, राज सरोज, अंजली देवांगन, गीता सोनी, समिष्ट कंसारी, राज अग्रवाल, शकुंतला खरे, परमेश्वर निर्मले, अक्षय टेकाम, चंद्र प्रकाश ओगे, विष्णु यादव, अरमान खान, राजेंद्र यादव, पुनीराम देवांगन, कविता देवांगन, कमल साव, राकेश जोशी, गिरधर देवांगन, डॉ. संतोष यादव, दीपक बरेठ, ध्रुव यादव सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान कलेक्टोरेट परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस की तैनाती के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची, निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी आगे भी अपनी आवाज उठाती रहेगी।

See also  कलेक्टर के निर्देशन में सीईओ और तहसीलदार ने संयुक्त रूप से फिल्ड में जाकर प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यो का किया निरीक्षण...

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!