Raipur News : रायपुर में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग का VIDEO वायरल, भाजपा नेत्री के परिवार पर उठे सवाल, कांग्रेस बोली- कानून व्यवस्था बिगड़ी

रायपुर : रायपुर में एक शादी समारोह के दौरान खुलेआम हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। भाजपा नेत्री और मंडी सदस्य Monika Singh के परिवार से जुड़े कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिलाएं, बच्चे और पुरुष हथियार लहराते और फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो भाजपा नेत्री मोनिका सिंह के भाई प्रतीक की शादी का बताया जा रहा है। वायरल क्लिप में मोनिका सिंह के पति ऋतुपर्ण सिंह समेत कई लोग बंदूक और पिस्टल से हवाई फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान “धुरंधर” फिल्म के गाने पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया गया।
वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस शुरू हो गई है। सोशल मीडिया यूजर्स ने राजधानी में खुलेआम हथियारों के इस्तेमाल और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कई लोगों ने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों के मामलों में पुलिस नरमी बरतती है।
मामले पर Raipur Police का कहना है कि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जाएगी।
वहीं Indian National Congress ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता अभय नारायण ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है और हथियार लाइसेंस के उपयोग की व्यापक जांच होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि ऋतुपर्ण सिंह बिलासपुर में चतुर्थ श्रेणी के शासकीय कर्मचारी हैं और भाजपा नेताओं के करीबी माने जाते हैं। उन पर पहले भी शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग करने के आरोप लग चुके हैं। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और हथियारों के उपयोग की जांच में जुटी हुई है।



