छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
शादी का निमंत्रण कार्ड भेजकर मोबाइल किया हैक, SBI खाते से उड़ाए 98 हजार रुपये; केरल से साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। साइबर अपराधियों द्वारा ऑनलाइन ठगी के लिए अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों के बीच जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। शादी का निमंत्रण कार्ड भेजने के बहाने मोबाइल हैक कर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के खाते से 98 हजार रुपये पार करने वाले आरोपी को साइबर थाना जांजगीर की पुलिस ने केरल राज्य से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने NCRP पोर्टल से मिले बैंक खाते से जुड़े सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसके निवास स्थान पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम प्राप्त हुई थी, जिसे उसने बैंक से निकालकर घरेलू खर्च में उपयोग कर लिया था।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और ऑनलाइन ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में साइबर थाना जांजगीर की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और NCRP पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर अंतरराज्यीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को केरल से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
व्हाट्सएप पर शादी का कार्ड भेजकर किया मोबाइल हैक
मामले के अनुसार, नैला स्टेशन रोड निवासी प्रार्थी राजेश कुमार थवाईत के मोबाइल पर 06 जून 2026 को व्हाट्सएप के माध्यम से शादी का निमंत्रण कार्ड भेजा गया था। यह निमंत्रण कार्ड APK फाइल के रूप में था। प्रार्थी ने जैसे ही उक्त फाइल को डाउनलोड किया, उसका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल से लिंक SBI बैंक खाते तक पहुंच बनाकर खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए।
अपने बैंक खाते से रकम गायब होने की जानकारी मिलने पर प्रार्थी ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 15/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
NCRP पोर्टल से मिले सुराग, पुलिस पहुंची केरल
विवेचना के दौरान साइबर पुलिस ने ऑनलाइन ठगी से संबंधित लेन-देन और बैंक खातों की जानकारी का तकनीकी विश्लेषण किया। NCRP पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस को उस बैंक खाते का सुराग मिला, जिसमें ठगी की रकम स्थानांतरित हुई थी।
बैंक खाते से संबंधित जानकारी की जांच करते हुए पुलिस आरोपी अब्दुल अजीज (29 वर्ष), निवासी कोण्डोट्टी, जिला मल्लपुरम, केरल तक पहुंची। इसके बाद जांजगीर-चांपा पुलिस की टीम ने केरल पहुंचकर आरोपी के घर पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में 98 हजार रुपये की ठगी करना स्वीकार
पुलिस की पूछताछ में आरोपी अब्दुल अजीज ने ठगी की रकम 98 हजार रुपये अपने बैंक खाते में प्राप्त होने तथा उसे बैंक से निकालकर घरेलू खर्च में उपयोग करना स्वीकार किया। जांच के दौरान आरोपी के बैंक खाते में 21 हजार रुपये की एक अन्य संदिग्ध रकम भी प्राप्त होना पाया गया है। इस रकम के संबंध में NCRP पोर्टल पर गुजरात राज्य से शिकायत दर्ज होना सामने आया है। इससे आरोपी के बैंक खाते का अन्य साइबर ठगी के मामलों से भी संबंध होने की आशंका के आधार पर जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन एवं बैंक खाते से संबंधित जानकारी जब्त की है। साथ ही संबंधित बैंक खाते को सीज कराया गया है। केरल से गिरफ्तार आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाया गया, जहां आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
साइबर ठगी से बचने पुलिस ने लोगों से की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि व्हाट्सएप या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक अथवा APK फाइल को बिना जांचे डाउनलोड न करें। साइबर अपराधी शादी का निमंत्रण कार्ड, मोटर चालान, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने अथवा अन्य आकर्षक संदेशों के नाम पर APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल फोन को हैक कर रहे हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी परिचित या विश्वसनीय व्यक्ति के मोबाइल नंबर से भी ऐसी फाइल प्राप्त होने पर बिना पुष्टि किए उसे डाउनलोड नहीं करना चाहिए, क्योंकि साइबर अपराधी हैक किए गए मोबाइल नंबरों का उपयोग कर भी ठगी कर सकते हैं।
यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार होता है तो उसे बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को आगे दूसरे खातों में जाने से रोकने की संभावना बढ़ जाती है।
इन पुलिसकर्मियों का रहा सराहनीय योगदान
उक्त कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रधान उप निरीक्षक रुखसाना बानो, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्र, आरक्षक प्रतीक सिंह एवं आरक्षक राजा जयप्रकाश रात्रे का सराहनीय योगदान रहा।
जांजगीर-चांपा पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस लगातार तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है और ऑनलाइन ठगी के मामलों में आरोपियों तक पहुंचने के लिए अंतरराज्यीय स्तर पर भी प्रयास किए जा रहे हैं।



