Mahadev Online Betting App: महादेव ऐप के पीछे कितने बड़े चेहरे? 92 हजार करोड़ की कमाई का खुलासा, ED ने खोली जांच की नई परतें, सौरभ चंद्राकर ने उगले कई राज

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा खुलासा किया है। एजेंसी के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन बुक ऐप और उससे जुड़ी अन्य बेटिंग वेबसाइटों के जरिए अपराध की कमाई का अनुमान बढ़कर 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। ED का दावा है कि अक्टूबर 2023 में पहली अभियोजन शिकायत दाखिल होने के बाद भी यह सट्टा नेटवर्क लगातार सक्रिय रहा और इससे कमाई होती रही।
ED ने 10 सितंबर 2026 तक की जांच के आधार पर अपनी पांचवीं सप्लीमेंट्री अभियोजन शिकायत में यह आंकड़ा पेश किया है। एजेंसी अब इस नेटवर्क से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों, पैसों के लेन-देन और अन्य बेटिंग प्लेटफॉर्म की भूमिका को लेकर महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ करेगी।
रायपुर की विशेष PMLA अदालत ने ED को सौरभ चंद्राकर की सात दिन की कस्टडी की अनुमति दी है। उसे 19 नवंबर तक एजेंसी की हिरासत में रखने का आदेश दिया गया है। हालांकि, कोर्ट ने पूछताछ के दौरान कुछ शर्तें भी तय की हैं। ED सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ही पूछताछ कर सकेगी। इस दौरान सौरभ के वकील ऐसी जगह मौजूद रह सकेंगे, जहां से वे उसे देख सकें। इसके अलावा वकील और परिवार के सदस्य रोजाना शाम 5 से 5:30 बजे तक उससे मुलाकात कर सकेंगे। कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर के साथ किसी तरह की मारपीट या शारीरिक प्रताड़ना नहीं की जाएगी।
कोर्ट की अनुमति के बाद ED ने किया गिरफ्तार
CBI के मामले में न्यायिक रिमांड पर जेल में बंद सौरभ चंद्राकर को शुक्रवार को रायपुर की विशेष PMLA अदालत में पेश किया गया था। इसके बाद ED ने अदालत से उसे मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार करने की अनुमति मांगी। गिरफ्तारी की प्रक्रिया और कानूनी आधार को लेकर अदालत में लंबी बहस हुई। कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद ED ने PMLA की धारा 19(1) के तहत सौरभ को गिरफ्तार किया। इसके बाद एजेंसी ने सात दिन की रिमांड मांगी, जिसे अदालत ने मंजूरी दे दी।
पहले 10-11 हजार करोड़ थी कमाई, अब 92 हजार करोड़ का अनुमान
ED के रिमांड आवेदन के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में पहली अभियोजन शिकायत दाखिल करते समय महादेव सट्टा नेटवर्क से हुई अपराध की कमाई का अनुमान 10 से 11 हजार करोड़ रुपये था। लेकिन इसके बाद भी नेटवर्क का संचालन जारी रहने और नए बेटिंग प्लेटफॉर्म की भूमिका सामने आने के कारण यह अनुमान बढ़कर 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
जांच के दौरान एजेंसी को Skyexchange, हरिशंकर टिबरेवाल और अन्य लोगों की भूमिका के बारे में जानकारी मिली। ED का कहना है कि इसी आधार पर अपराध की कमाई का अनुमान बढ़ा है। हालांकि, एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल ये आंकड़े शुरुआती और अस्थायी हैं। आगे की जांच में रकम का वास्तविक आंकड़ा बदल सकता है।
सौरभ को गिरफ्तार करने के लिए ED ने दिए कई आधार
ED ने अदालत में बताया कि सौरभ चंद्राकर ने जांच में शामिल होकर अपना बयान दर्ज नहीं कराया। एजेंसी के मुताबिक, उसे 1 और 2 सितंबर 2023 को PMLA की धारा 50 के तहत समन जारी किए गए थे, लेकिन वह पेश नहीं हुआ। इसके बाद 4 सितंबर 2023 को विशेष PMLA अदालत ने उसके खिलाफ ओपन एंडेड गैर-जमानती वारंट जारी किया था। एजेंसी ने अपने रिमांड आवेदन में कई अन्य तथ्यों का भी उल्लेख किया है।
नेटवर्क के लगातार सक्रिय रहने का दावा करते हुए ED ने कहा कि सह-आरोपी रजत कुमार सिंह ने 4 जुलाई 2025 को दिए बयान में महादेव ऐप का काम जारी रहने और दुबई से 8 से 10 पैनल संचालित होने की जानकारी दी थी। वहीं, एक अन्य सहयोगी विशाल रमानी ने करीब 35 पैनल चलाने की बात कही थी।
ED के मुताबिक, 2 जुलाई 2025 को तलाशी के दौरान रजत कुमार सिंह के मोबाइल पर लगातार एक नंबर से कॉल आ रहे थे। रजत ने कथित तौर पर बताया था कि कॉल करने वाला सौरभ चंद्राकर है। एजेंसी अब यह पता लगाना चाहती है कि इस नंबर और नेटवर्क का संचालन कौन कर रहा था।
Skyexchange और विदेशों में संपत्तियों की भी जांच
ED के अनुसार, पहली अभियोजन शिकायत के बाद Skyexchange, हरिशंकर टिबरेवाल और कुछ अन्य लोगों की भूमिका सामने आई। एजेंसी इस बात की जांच करना चाहती है कि इन प्लेटफॉर्मों का महादेव नेटवर्क से क्या संबंध था और इनके जरिए कितनी रकम का लेन-देन हुआ। जांच में सौरभ चंद्राकर और उसके सहयोगियों के नाम पर विदेशों में अपराध की कमाई से जुड़ी संपत्तियों का भी पता चला है। ED का कहना है कि इनमें से कुछ संपत्तियों को अटैच किया जा चुका है। एजेंसी ने सौरभ के वानुआतु पासपोर्ट, ऑस्ट्रेलिया के वीजा आवेदन और भारतीय नागरिकता छोड़ने के दावे का भी जिक्र किया है। ED के मुताबिक, ओमान की अदालत ने भारतीय दूतावास से मिली जानकारी के आधार पर उसे भारतीय नागरिक माना था।
फ्रेंचाइजी मॉडल पर चल रहा था पूरा सट्टा नेटवर्क
ED ने महादेव ऐप को फ्रेंचाइजी मॉडल पर संचालित होने वाला बेटिंग नेटवर्क बताया है। एजेंसी के मुताबिक, इसका मुख्य कार्यालय दुबई में था। यहां से क्रिकेट, फुटबॉल, टेनिस सहित अन्य खेलों और Teen Patti, Poker तथा Dragon Tiger जैसे ऑनलाइन गेम पर दांव लगवाए जाते थे।
इस नेटवर्क में पैनल सिस्टम के जरिए काम होता था। मुख्य कार्यालय से पैनल संचालकों को आईडी और पासवर्ड दिए जाते थे। इसके बाद पैनल संचालक खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग आईडी तैयार करते थे।
खिलाड़ी वेबसाइट पर सीधे पैसे जमा नहीं करते थे। उन्हें वॉट्सऐप के जरिए बैंक खातों की जानकारी भेजी जाती थी। इन खातों में रकम जमा करने के बाद खिलाड़ी भुगतान की रसीद भेजते थे, जिसके आधार पर उनकी आईडी में पॉइंट क्रेडिट किए जाते थे।
ED का आरोप है कि इस नेटवर्क में कई बैंक खाते दूसरे लोगों के KYC दस्तावेजों का इस्तेमाल करके खोले गए थे। इन खातों में जमा रकम को तीन से चार स्तरों पर अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता था। इसके बाद हवाला और अन्य माध्यमों से पैसा विदेश भेजा जाता था।
एजेंसी ने दावा किया है कि दुबई के अल-बरशा इलाके में कॉल सेंटर और डेटा सेंटर संचालित किए जाते थे। एक सेंटर में 50 से 70 लोग काम करते थे। ED के अनुमान के मुताबिक, इस नेटवर्क से हर महीने करीब 450 करोड़ रुपये की अपराध की कमाई होती थी।
शादी में 200 करोड़ खर्च करने का ED ने किया दावा
ED ने सौरभ चंद्राकर की फरवरी 2023 में संयुक्त अरब अमीरात के रास अल खैमाह में हुई शादी का भी अपने आवेदन में जिक्र किया है। एजेंसी का दावा है कि इस भव्य आयोजन पर करीब 200 करोड़ रुपये नकद खर्च किए गए थे।
ED के मुताबिक, आयोजन के लिए करीब 112 करोड़ रुपये हवाला के जरिए इवेंट मैनेजमेंट कंपनी तक पहुंचाए गए थे, जबकि होटल बुकिंग के लिए लगभग 42 करोड़ रुपये नकद AED में भुगतान किए गए थे। एजेंसी ने शादी में निजी विमानों के इस्तेमाल, सेलिब्रिटी की मौजूदगी और मेहमानों के यात्रा व ठहरने पर हुए खर्च का भी उल्लेख किया है।
फिलहाल ED सौरभ चंद्राकर से पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क की आर्थिक गतिविधियों, विदेशी संपत्तियों और बेटिंग प्लेटफॉर्म के बीच पैसों के लेन-देन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अब जांच में यह देखना अहम होगा कि 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक की बताई जा रही अपराध की कमाई के पीछे कौन-कौन लोग और संस्थाएं शामिल थीं।



