C.G Liquor Scam Chargesheet : शराब घोटाले में ED ने पेश की 29,800 पन्नों की फाइनल चार्जशीट 81 आरोपी, 59 नए नाम शामिल

रायपुर: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने करीब दो साल की जांच के बाद बड़ा कदम उठाया है। ED ने 29 हजार 800 पन्नों की फाइनल चार्जशीट स्पेशल कोर्ट में पेश की है। इस चार्जशीट में गिरफ्तार अधिकारियों, कारोबारियों और नेताओं समेत कुल 81 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
59 नए आरोपी शामिल
करीब 3 हजार करोड़ रुपए से अधिक के इस घोटाले में ED ने 59 नए लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री सचिवालय से जुड़ी सौम्या चौरसिया, तत्कालीन आबकारी कमिश्नर निरंजन दास, एफएल-10 लाइसेंस धारक, डिस्टिलरी संचालक और कई आबकारी अधिकारी शामिल हैं।
चार्जशीट से पहले संपत्ति अटैच
चार्जशीट दाखिल करने से पहले ED ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाटिया वाइन, छत्तीसगढ़ डिस्टलरी और वेलकम डिस्टलरी समेत शराब कंपनियों की 68 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति अटैच की है। इसके अलावा 31 आबकारी अधिकारियों की करीब 38 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क की गई है। अब तक इस मामले में 382 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति अटैच की जा चुकी है।
अब शुरू होगा ट्रायल
ED की यह फाइनल कंप्लेंट सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत समयसीमा में दाखिल की गई है। इसमें बैंक ट्रांजैक्शन, डिजिटल सबूत, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और गवाहों के बयान शामिल हैं। चार्जशीट के बाद अब कोर्ट में ट्रायल की प्रक्रिया शुरू होगी।
चैतन्य बघेल पर भी कार्रवाई
इससे पहले EOW ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल के खिलाफ 3800 पन्नों की सप्लीमेंट्री चार्जशीट पेश की थी। इसमें दावा किया गया है कि घोटाले से उन्हें 200–250 करोड़ रुपए मिले।
क्या है शराब घोटाला
ED के अनुसार, भूपेश सरकार के कार्यकाल में एक सिंडिकेट के जरिए शराब की अवैध बिक्री और कमीशन वसूली कर 3200 करोड़ से अधिक का घोटाला किया गया।



