CG में IAS-IPS अफसरों का महंगाई भत्ता 3 फीसदी बढ़ा, अब मिलेगा 63 प्रतिशत DA; 1 जुलाई से लागू होगा आदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में कार्यरत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) सहित अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने इनके महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। जारी आदेश के मुताबिक, अब अधिकारियों को 60 प्रतिशत के बजाय 63 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा। बढ़ी हुई दर 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएगी।
केंद्र सरकार के आदेश के बाद लिया गया फैसला
सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश में बताया गया है कि केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय ने 29 अक्टूबर 2026 को जारी ज्ञापन के माध्यम से केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते को 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत किया था। अखिल भारतीय सेवाएं (महंगाई भत्ता) नियम, 1972 के तहत ये संशोधित दरें अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों पर भी लागू होंगी।
1 जुलाई से नकद मिलेगा बढ़ा हुआ DA
राज्य सरकार के आदेश के अनुसार, बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान 1 जुलाई 2026 से नकद किया जाएगा। DA की गणना वेतन मैट्रिक्स में निर्धारित स्तर के तहत आहरित वेतन के आधार पर होगी। इसमें विशेष वेतन और व्यक्तिगत वेतन को शामिल नहीं किया जाएगा।




