Durg Murder: भांजे ने देखा मामा की हत्या का खौफनाक मंजर! दो नाबालिग हिरासत में, परिजनों ने उठाया बड़ा सवाल- पर्दे के पीछे कौन?

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में नगर निगम के एक सफाईकर्मी की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान अविनाश परिहार उर्फ नासो (26) के रूप में हुई है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले में दो संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, अविनाश नगर निगम में सफाईकर्मी के पद पर काम करते थे। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वे नाश्ता करने घर आए थे। इसके बाद ड्यूटी पर जाने की बात कहकर घर से निकले। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उनकी पत्नी पद्मा निर्मलकर ने परिचितों से उनके बारे में जानकारी जुटाई। इसी दौरान पता चला कि अविनाश सिद्धार्थ नगर स्थित ग्राउंड में कुछ युवकों के साथ मौजूद हैं।
परिजन उनकी तलाश करते हुए मौके पर पहुंचे, जहां उनके साथ हुई मारपीट और चाकूबाजी की जानकारी मिली। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भांजे अरमान भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दोपहर करीब 2 बजे जब वह बताए गए स्थान पर पहुंचा, तो उसने अपने मामा की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर अविनाश जमीन पर पड़े थे और दो नाबालिग उन पर चाकू से हमला कर रहे थे। अरमान के अनुसार, उसे देखते ही दोनों युवक वहां से भाग निकले।
वहीं, मृतक के परिजनों ने इस वारदात में अन्य लोगों की भूमिका होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि हत्या की परिस्थितियों को देखते हुए यह जांच जरूरी है कि कहीं इस घटना के पीछे किसी वयस्क व्यक्ति की भी संलिप्तता तो नहीं है। परिजनों ने पुलिस से सभी संभावित आरोपियों की पहचान कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने दो संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह क्या थी और क्या इस वारदात में अन्य लोग भी शामिल थे, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।



