छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिवनी में बनेगा अतिरिक्त भवन, 8.07 लाख रुपये की लागत से होगा निर्माण
जिला पंचायत सभापति उमा राजेंद्र राठौर ने किया भूमि पूजन, विद्यार्थियों को मिलेगी बेहतर शैक्षणिक सुविधा

जांजगीर-चांपा। ग्राम सिवनी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा और विद्यालय की आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण विकास कार्य की शुरुआत हुई। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से स्वीकृत 8 लाख 7 हजार रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त भवन का विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। जिला पंचायत सभापति उमा राजेंद्र राठौर ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सभापति उमा राजेंद्र राठौर ने कहा कि विद्यालय में अतिरिक्त भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होगा। इससे स्कूल में शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में सुविधा होगी और विद्यार्थियों को बेहतर एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ विद्यार्थियों और ग्रामीणों को समय पर मिलना चाहिए तथा निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
विद्यालय की सुविधाओं में होगा विस्तार
अतिरिक्त भवन के निर्माण से विद्यालय की अधोसंरचना में विस्तार होगा। वर्तमान में उपलब्ध संसाधनों के साथ अतिरिक्त भवन बनने से कक्षाओं के संचालन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने इस निर्माण कार्य को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पहल बताया। भूमि पूजन के अवसर पर ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सिवनी की सरपंच कृष्णा कुमारी, शिव सिंह सिदार, उपसरपंच गोविंद राठौर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य के.के. साहू, शाला विकास समिति के अध्यक्ष रामदीन राठौर सहित पंच अनिकेत पाण्डेय, रितेश वैष्णव, महेंद्र गोस्वामी, उमेश बरेठ, लखन कुम्भकार, नवनीत महंत, क्लेश देवांगन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने जताया आभार
विद्यालय में अतिरिक्त भवन निर्माण की स्वीकृति और कार्य के शुभारंभ को लेकर ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की। उपस्थित लोगों ने कहा कि विद्यालय की आवश्यकताओं को देखते हुए अतिरिक्त भवन की सुविधा विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। ग्रामीणों ने विकास कार्य के लिए जिला पंचायत सभापति उमा राजेंद्र राठौर के प्रति आभार व्यक्त किया।



