पीएम किसान की 23वीं किस्त जारी, जिले के 1.20 लाख किसानों को मिले 24.15 करोड़ रुपये

0 कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम, किसानों को प्राकृतिक खेती और फसल विविधीकरण की दी गई जानकारी!
जांजगीर-चांपा। कृषि विज्ञान केंद्र जांजगीर-चांपा में शनिवार 20 जून 2026 को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर (हुगली) से देशभर के किसानों के बैंक खातों में सम्मान निधि की राशि का प्रत्यक्ष हस्तांतरण (डीबीटी) किया।
इस अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले के 1,20,719 किसानों के बैंक खातों में कुल 24.15 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त के तहत देश के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों को 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की गई।
कार्यक्रम का आयोजन कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कृषि विभाग के उप संचालक राकेश कुमार शर्मा ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी देते हुए खरीफ सीजन में धान के साथ-साथ दलहन एवं तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों को मिट्टी परीक्षण कराने और वैज्ञानिक खेती अपनाने की सलाह भी दी।
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. के.डी. महंत ने प्राकृतिक खेती के महत्व एवं लाभों पर प्रकाश डालते हुए जीवामृत और बीजामृत तैयार करने एवं उनके उपयोग की विस्तृत जानकारी किसानों को दी।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में 100 से अधिक किसान, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं जिले के विभिन्न विकासखंडों में 527 किसानों सहित कुल 627 कृषकों को कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इसके अलावा ग्राम स्तर पर भी किसानों ने प्रधानमंत्री के संबोधन और राशि हस्तांतरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा।



