स्कूल बसों की सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, 10 वाहनों पर कार्रवाई, नए सत्र से पहले 89 स्कूल बसों-वैनों की जांच, चालकों की आंखों और स्वास्थ्य की भी हुई पड़ताल

जांजगीर-चांपा। नए शैक्षणिक सत्र के शुरू होने से पहले स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस लाइन खोखरा भांठा में आयोजित शिविर में जिले की 89 स्कूल बसों और वैनों की फिटनेस, सुरक्षा उपकरणों और दस्तावेजों की गहन जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 10 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 7 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
अभियान के दौरान केवल वाहनों की तकनीकी स्थिति ही नहीं बल्कि उन्हें संचालित करने वाले चालकों और हेल्परों के स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चालकों का नेत्र परीक्षण और स्वास्थ्य परीक्षण कर यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि बच्चों को ले जाने वाले वाहन प्रशिक्षित और शारीरिक रूप से सक्षम व्यक्तियों द्वारा संचालित किए जा रहे हैं।
जांच में पंजीयन प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। साथ ही सीट बेल्ट, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा और फर्स्ट एड बॉक्स जैसी सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की गई। अधिकारियों ने निर्धारित 16 बिंदुओं पर प्रत्येक वाहन का भौतिक और तकनीकी निरीक्षण किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत देते हुए कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी जांच अभियानों में खामियां मिलने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



