Pahalgam Terror Attack : पहलगाम हमले के पीड़ितों के लिए LIC ने बढ़ाया मदद का हाथ, कर दिया ये बड़ा ऐलान…

नई दिल्ली। कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले ने पूरे देश को गुस्से और दुख से भर दिया है। लोग इस दर्द से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच, लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन (LIC) ने गुरुवार को हमले में पीड़ितों को राहत देने के लिए दावा निपटान प्रक्रिया में ढील देने का एलान किया।
LIC ने एक बयान में शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे हमले में मारे गए नागरिकों के परिवारों को पूरी मदद देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। एलआईसी के सीईओ और एमडी सिद्धा मोहंती ने कहा कि बीमा धारकों के मुश्किलों को कम करने के लिए कंपनी कई तरह की रियायतें प्रदान करने जा रही है।
उन्होंने बताया कि आतंकी हमले में बीमा धारक की मृत्यु होने पर मृत्यु प्रमाणपत्र की जगह राज्य या केंद्र सरकार द्वारा जारी किए गए किसी भी मुआवजे या सरकारी रिकॉर्ड को मृत्यु प्रमाण के रूप में माना जाएगा। एलआईसी ने यह भी सुनिश्चित किया है कि दावों के निपटान में तेजी लाई जाएगी ताकि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द वित्तीय राहत मिल सके।
इसके अलावा, एलआईसी ने इसके लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, और कहा है कि किसी भी प्रकार के दावे के लिए नजदीकी एलआईसी शाखा या ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क किया जा सकता है, या फिर 022-68276827 पर कॉल किया जा सकता है।



