Reg No. CG-06-0026209
IMG-20250604-WA0015-1
IMG-20250604-WA0014-1
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.56.31 (1)
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.55.51 (1)
b5ce874a-8a3f-482a-9d4a-eaf6ab18dc7e
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

महानदी में बढ़ा जलस्तर, शिवरीनारायण में कलेक्टर-एसपी ने संभाली कमान, बैराज, पुल और तटीय क्षेत्रों का किया निरीक्षण, राहत शिविरों में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

पुल पर आवागमन बंद, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई निगरानी; स्वास्थ्य टीमें तैनात

जांजगीर-चांपा, 27 सितंबर 2026। महानदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि और तटीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने रविवार को शिवरीनारायण क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने शिवरीनारायण बैराज, महानदी पुल, नदी के तटीय क्षेत्रों तथा प्रभावित इलाकों का मौके पर निरीक्षण कर जलस्तर, नदी के बहाव और राहत एवं बचाव की तैयारियों की जानकारी ली।
कलेक्टर-एसपी ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर वर्तमान परिस्थितियों का जायजा लिया और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि महानदी के जलस्तर एवं बहाव पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी तरह की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए।
 
महानदी पुल पर आवागमन बंद, सुरक्षा के लिए तैनात जवान
महानदी में पानी का बहाव बढ़ने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया है। कलेक्टर एवं एसपी ने पुल तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी व्यक्ति को तेज बहाव वाले पानी के पास जाने की अनुमति न दी जाए। पुल के आसपास पुलिस बल की मौजूदगी और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन ने नदी, पुल, घाट तथा अन्य तेज बहाव वाले क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। साथ ही अन्य संवेदनशील स्थानों की भी लगातार निगरानी की जा रही है।
 
महंत लालदास महाविद्यालय में बनाया गया राहत शिविर
कलेक्टर-एसपी ने श्री महंत लालदास महाविद्यालय का भी निरीक्षण किया, जहां प्रभावित लोगों के ठहरने के लिए राहत शिविर की व्यवस्था की गई है। राहत शिविर में लोगों के लिए भोजन, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता, शौचालय सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
अधिकारियों ने राहत शिविर में रह रहे लोगों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
 
स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार कर रहीं जांच
जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा प्रभावित लोगों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है। साथ ही आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
जलभराव के कारण संक्रमण एवं जलजनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को किसी भी आपात स्थिति के लिए आवश्यक दवाइयां एवं संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
 
राजस्व, पुलिस, नगर सेना और जल संसाधन विभाग को समन्वय से काम करने के निर्देश
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने राजस्व, पुलिस, नगर सेना, जल संसाधन, स्वास्थ्य सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। तटीय एवं जलभराव संभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के साथ आवश्यकता पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए मानव संसाधन एवं आवश्यक उपकरण तैयार रखने कहा गया।
उन्होंने पूर्व में जलभराव वाले आबादी क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से लोगों को सतर्क करने तथा संभावित जलभराव की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी देने के निर्देश दिए। नदी के जलस्तर, पुल-पुलियों और प्रमुख आवागमन मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा परिस्थितियों के अनुसार तत्काल निर्णय लेने के लिए कहा गया।
 
प्रशासन की नागरिकों से अपील—तेज बहाव वाले क्षेत्रों से रहें दूर
जिला प्रशासन एवं पुलिस ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि नदी, पुल, घाट और तेज बहाव वाले पानी के पास अनावश्यक रूप से न जाएं। पानी के तेज बहाव के बीच सेल्फी या वीडियो बनाने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं।
प्रशासन द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से बंद किए गए मार्गों एवं स्थानों पर जाने का प्रयास नहीं करने की भी अपील की गई है। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या जलस्तर में अचानक वृद्धि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने कहा गया है, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महानदी के तटीय क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रभावित लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। पुलिस, राजस्व, नगर सेना, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी राहत एवं बचाव कार्य के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।
निरीक्षण के दौरान नगरपालिका शिवरीनारायण अध्यक्ष राहुल थवाईत, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, एसडीएम शिवरीनारायण भावना साहू, कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

See also  किसानों को समय पर उपलब्ध कराए खाद पानी एवं बीज : राघवेंद्र सिंह...

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!