छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
जमीन को भारमुक्त बताकर 49.70 लाख की धोखाधड़ी, चांपा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
बैंक में बंधक जमीन का सौदा कर 29.70 लाख ऐंठे, दूसरी संपत्ति के नाम पर भी लिए 20 लाख रुपये, एक जमीन दूसरे व्यक्ति को बेचकर कराई रजिस्ट्री, शेष भूमि की रजिस्ट्री के लिए करता रहा टालमटोल; आरोपी न्यायिक रिमांड पर

जांजगीर-चांपा। जमीन को भारमुक्त और विवादरहित बताकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में चांपा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिशंकर गुप्ता (44), निवासी मारुति विहार कॉलोनी चांपा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जमीन के सौदे में बैंक के बंधक होने की जानकारी छिपाकर कुल 49.70 लाख रुपये प्राप्त करने का आरोप है। पुलिस ने पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
4.95 एकड़ जमीन का 29.70 लाख में किया था सौदा
पुलिस के अनुसार, थाना चांपा क्षेत्र के तहसील रोड बरपाली चौक निवासी वरुण सोमानी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी हरिशंकर गुप्ता ने ग्राम पोड़ीकला स्थित कुल 22 खसरों की लगभग 4.95 एकड़ भूमि को भारमुक्त एवं विवादरहित बताते हुए प्रार्थी के साथ 29.70 लाख रुपये में सौदा किया था।
आरोपी ने सौदे की पूरी रकम प्राप्त करने के बाद 14 जुलाई 2025 को विक्रय इकरारनामा भी निष्पादित कराया। इसके बाद जब भूमि की रजिस्ट्री की बात आई तो मामले में नया मोड़ सामने आया।
एक ही जमीन का हिस्सा दूसरे व्यक्ति को बेचकर कराई रजिस्ट्री
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने उक्त भूमि में से 9 खसरों की कुल 2.37 एकड़ जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर उसकी रजिस्ट्री भी करा दी। वहीं, शेष भूमि की रजिस्ट्री कराने के लिए प्रार्थी द्वारा लगातार कहे जाने के बावजूद आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करता रहा।
मामले की पड़ताल के दौरान राजस्व अभिलेखों की जांच की गई, जिसमें संबंधित भूमि के बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई। आरोप है कि आरोपी ने जमीन पर बैंक का भार होने की जानकारी छिपाकर उसे भारमुक्त एवं विवादरहित बताते हुए सौदा किया था।
दूसरी संपत्ति के नाम पर भी लिए 20 लाख रुपये
पुलिस के मुताबिक, आरोपी द्वारा इसी तरह प्रार्थी के पिता से भी चांपा स्थित भूमि-मकान को भारमुक्त एवं विवादरहित बताकर 20 लाख रुपये लिए गए थे। बाद में इस संपत्ति के भी बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई।
इस तरह दोनों मामलों में आरोपी द्वारा कुल 49.70 लाख रुपये प्राप्त किए जाने की बात शिकायत और पुलिस जांच में सामने आई है।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
प्रार्थी की शिकायत पर थाना चांपा में संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में थाना चांपा पुलिस ने मामले की जांच तेज की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी हरिशंकर गुप्ता को पकड़ा। पूछताछ एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह एवं थाना चांपा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।



