छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
स्वच्छता के संकल्प के साथ एनसीसी कैडेटों ने चलाया स्वच्छता अभियान

जांजगीर-चांपा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर एक सीजी एनसीसी बटालियन की सबयूनिट शाउमा विद्यालय क्र 1 जांजगीर के एनसीसी कैडेटों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम कमान अधिकारी कर्नल सेंथिल कुमार के मार्गदर्शन एवं एनसीसी अधिकारी दिनेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में स्वच्छता, स्वच्छ पर्यावरण तथा सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा। इस अवसर पर एनसीसी कैडेटों ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाते हुए साफ-सफाई की। कैडेटों ने लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी तथा सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान कैडेटों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की शपथ ली। सभी ने अपने घर, विद्यालय तथा आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य परमेश्वरी सोनी , एनसीसी अधिकारी दिनेश चतुर्वेदी , शिक्षकगण एवं एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे। प्राचार्य सोनी ने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर अपनाई जाने वाली जीवनशैली है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने का आह्वान किया। एनसीसी कैडेटों ने “स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ समाज और स्वच्छ राष्ट्र” के संकल्प के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। इस दौरान 73 वर्तमान कैडेट एवं 11 पूर्व कैडेट उपस्थित रहे।



