लोक निर्माण विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के लिए ₹2208.59 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। लंबे समय से जर्जर और यातायात के लिहाज से महत्वपूर्ण इस मार्ग के निर्माण एवं मजबूतीकरण की मांग क्षेत्रवासी लगातार उठाते रहे हैं। अब स्वीकृति मिलने के बाद इस मांग के पूरा होने का रास्ता साफ हो गया है। स्वीकृत परियोजना में केवल सड़क का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण ही नहीं, बल्कि आवश्यकतानुसार पुल-पुलिया निर्माण भी शामिल है। इससे मार्ग की यातायात क्षमता बढ़ने के साथ बारिश के दौरान आवागमन में आने वाली परेशानियों से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक की पहल लाई रंग
पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश ने इस मार्ग के निर्माण एवं मजबूतीकरण को लेकर उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री अरुण साव से राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया था। विधायक द्वारा इस मार्ग के संबंध में विधानसभा में भी सवाल पूछे गए थे। विधायक के लगातार प्रयासों के बाद शासन स्तर से परियोजना को मंजूरी मिली है। उन्होंने कहा कि पामगढ़ विधानसभा का सर्वांगीण विकास और जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
विधायक ने सरकार और सहयोगियों का जताया आभार
स्वीकृति पर विधायक शेषराज हरबंश ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं जिला प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सड़क की मांग को लगातार उठाने वाले जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद किया।