Reg No. CG-06-0026209
IMG-20250604-WA0015-1
IMG-20250604-WA0014-1
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.56.31 (1)
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.55.51 (1)
b5ce874a-8a3f-482a-9d4a-eaf6ab18dc7e
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

वडनगर से वाराणसी तक सेवा का संदेश लेकर जांजगीर पहुंची ‘सेवा संकल्प यात्रा’

प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बाइक रैली में शामिल होकर बढ़ाया युवाओं का उत्साह, युवा संवाद में सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का किया आह्वान

जांजगीर-चांपा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा को समर्पित ‘सेवा संकल्प यात्रा’ वडनगर (गुजरात) से वाराणसी (उत्तर प्रदेश) तक जनसेवा से राष्ट्रसेवा का संदेश लेकर निकली है। इसी क्रम में यात्रा के जांजगीर-चांपा पहुंचने पर जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित जनप्रतिनिधियों, युवाओं और नागरिकों ने बाइक यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने स्वयं बाइक रैली में शामिल होकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया।
यात्रा के जांजगीर पहुंचने पर आयोजित कार्यक्रम में सेवा यात्रा में शामिल युवाओं का शाल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया गया। इसके बाद युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने युवाओं से संवाद करते हुए सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
 
सेवा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : ओ.पी. चौधरी
युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष केवल वर्षों का आंकड़ा नहीं हैं, बल्कि यह जनसेवा, राष्ट्रसेवा और भारत के विकास के संकल्प की यात्रा है। उन्होंने वडनगर से वाराणसी तक सेवा का संदेश लेकर यात्रा कर रहे युवाओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत से ही राष्ट्रहित और जनसेवा को प्राथमिकता दी। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक उनकी सार्वजनिक जीवन की यात्रा जनसेवा के प्रति समर्पण से जुड़ी रही है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और नेतृत्व क्षमता विकास की दिशा को नई गति दे सकती है। उन्होंने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को भी विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। विकास के साथ-साथ अपनी संस्कृति, परंपरा और विरासत को संरक्षित रखते हुए उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से सेवा और समर्पण की भावना के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
 
सेवा संकल्प अभियान से जनभागीदारी का संदेश : सांसद कमलेश जांगड़े
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने कहा कि देश और प्रदेश सहित पूरे जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने वडनगर से वाराणसी तक सेवा यात्रा कर रहे युवाओं के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।
 
गांव-गांव तक पहुंच रहा सेवा और जनभागीदारी का संदेश
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने भी सेवा संकल्प यात्रा में शामिल युवाओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा की भावना को जन-जन और गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के जरिए नागरिकों को जनसेवा, विकास और सुशासन से जुड़े कार्यों की जानकारी भी दी जा रही है।
उन्होंने सेवा संकल्प यात्रा में शामिल युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
 
बाइक रैली में युवाओं के साथ शामिल हुए प्रभारी मंत्री
जांजगीर पहुंची सेवा संकल्प यात्रा के दौरान बाइक रैली भी निकाली गई। इसमें प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने युवाओं के साथ सहभागिता की। इससे युवाओं में उत्साह देखने को मिला। रैली के माध्यम से सेवा से राष्ट्रसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। यात्रा में शामिल युवा वडनगर से वाराणसी तक विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से संवाद करते हुए सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ा रहे हैं।
 
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और युवा रहे मौजूद
कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, महापौर नगर पालिका धमतरी रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, जिला पंचायत सदस्य प्रियंका पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल सहित रामदेव कुमावत, गुलाब सिंह चंदेल, अमर सुल्तानिया, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, रवि पांडेय, नंदिनी राजवाड़े, संतोषी सिंह, विकास शर्मा, हितेश यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, युवा एवं नागरिक उपस्थित रहे।

See also  CG BREAKING:46 इंस्पेक्टरों का प्रमोट होकर बने DSP आदेश विभाग ने जारी की सूची…

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!