CG CRIME : रायगढ़ में बड़ी कार्रवाई-अवैध रूप से आयरन ओरे ढो रहे सात ट्रक जब्त, वाहन चालकों पर केस दर्ज…

रायगढ़। रायगढ़ जिले में खनिज माफिया पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन गश्त और निगरानी अभियान के तहत तमनार थाना पुलिस ने 16 अप्रैल की रात अवैध खनिज परिवहन कर रहे सात भारी वाहनों को जब्त किया है।
यह कार्रवाई थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पालीघाट चेकिंग पाइंट पर की गई। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि सभी ट्रक बिना वैध दस्तावेजों के आयरन ओरे का परिवहन कर रहे थे। मौके पर ही ट्रकों को रोका गया और अवैध खनिज जब्त कर लिए गए।
पुलिस ने सभी वाहन चालकों के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएसएस के तहत पृथक-पृथक इस्तगासा दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में निरीक्षक मोहन भारद्वाज के साथ-साथ प्रधान आरक्षक हेमन पात्रे, विपिन पटेल और आरक्षक भूपेश राठिया की विशेष भूमिका रही।



