छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पा
विधायक ने नया ट्रांसफार्मर लगाने एवं विद्युत सब स्टेशन की स्थापना करने की मांग, अकलतरा एवं बलौदा क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान…

जांजगीर-अकलतरा। उमस भरी गर्मी में अकलतरा एवं बलौदा क्षेत्र में विद्युत विभाग द्वारा अघोषित बिजली कटौती किए जाने, लो वोल्टेज की समस्या एवं अन्य परेशानियों से आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर अकलतरा विधानसभा क्षेत्र में बिजली की व्यवस्था में सुधार लाने की मांग को लेकर विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह द्वारा जांजगीर जाकर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अधीक्षण यंत्री अमर चौधरी एवं कार्यपालन अभियंता एम के पांडेय से मुलाकात करते हुए अकलतरा एवं बलौदा क्षेत्र में लो वोल्टेज से आम जनता को परेशानियों का सामना करने पर ट्रांसफार्मर की क्षमता में वृद्धि करते हुए 5 एमवीए के नए ट्रांसफार्मर लगाने , अकलतरा एवं बलौदा में उपयंत्री का पद रिक्त होने से तत्काल उपयंत्री के पद पर उपयंत्री की पदस्थापना करने, अकलतरा एवं बलौदा के ग्रामीण क्षेत्रों में दो-दो नए सब स्टेशन की स्थापना करने, अकलतरा एवं बलौदा शहर में बिजली की आपूर्ति बहाल करने के साथ-साथ बिजली स्टेशन में शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल बिजली व्यवस्था में सुधार करने के साथ-साथ 24 घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के साथ-साथ उपभोक्ता को किसी प्रकार की शिकायत होने पर बिजली विभाग के अधिकारियों को हेल्पलाइन नंबर जारी करने की बात कही। बिजली विभाग के अधिकारियों ने विधायक की मांग पर 5 एमवीए पावर क्षमता के नए ट्रांसफार्मर तत्काल लगाने का आश्वासन देने के साथ साथ अधिकारियों द्वारा अन्य मांगों पर उच्च अधिकारियों को पत्र प्रेषित करने के और बिजली व्यवस्था को बहाल करने का भरोसा दिलाया।



