Reg No. CG-06-0026209
IMG-20250604-WA0015-1
IMG-20250604-WA0014-1
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.56.31 (1)
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.55.51 (1)
b5ce874a-8a3f-482a-9d4a-eaf6ab18dc7e
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

चोरी गए मुकुट-आभूषणों की वापसी के बाद मां चंडी दाई का पुनः भव्य श्रृंगार, पुलिस बैंड के साथ निकली शोभायात्रा

जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल से लौटी श्रद्धालुओं की आस्था, ग्राम महंत में महिला कमांडो टीम का भी गठन

जांजगीर-चांपा, 17 अगस्त 2026। जिले के थाना नवागढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महंत स्थित प्रसिद्ध मां चंडी दाई मंदिर में सोमवार को श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। कुछ दिन पूर्व मंदिर से मां चंडी दाई के सिर पर सजे चांदी के मुकुट एवं सोने के आभूषण चोरी होने की घटना के बाद जांजगीर-चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई सामग्री बरामद की थी। चोरी गए मुकुट एवं आभूषणों की वापसी के बाद आज विधिवत शुद्धिकरण कर मां चंडी दाई का पुनः भव्य श्रृंगार किया गया।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस दौरान SDOP चांपा लौकेश बंसल, DSP अजाक सतरूपा तारम, थाना प्रभारी नवागढ़ मणिकांत पाण्डेय, गणमान्य नागरिक देवेश सिंह, पत्रकार साथी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
 
भरम बाबा मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा
मां चंडी दाई के पुनः श्रृंगार के अवसर पर भरम बाबा मंदिर से मां चंडी दाई मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में पुलिस बैंड की मधुर धुनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पत्रकार एवं ग्रामीणजन उत्साहपूर्वक शोभायात्रा में शामिल हुए।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा मां चंडी दाई के जयकारे लगाए गए, जिससे ग्राम महंत का वातावरण भक्तिमय हो उठा। चोरी के बाद बरामद हुए मां के मुकुट एवं आभूषणों को विधिवत शुद्धिकरण के पश्चात मंदिर में पुनः स्थापित कर पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ मां का श्रृंगार किया गया।
 
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मजबूत हुआ विश्वास
मंदिर में चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में चिंता एवं आक्रोश का माहौल था। पुलिस द्वारा मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गई सामग्री की बरामदगी से लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई।
आज चोरी गए मुकुट एवं आभूषणों की वापसी के बाद मां चंडी दाई का पुनः श्रृंगार होने से ग्रामीणों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने पुलिस की कार्रवाई और पहल की सराहना करते हुए इसे आस्था और जनविश्वास से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।
 
ग्राम महंत में गठित हुई महिला कमांडो टीम
कार्यक्रम के दौरान जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई। ग्राम महंत की सक्रिय एवं जागरूक महिलाओं को जोड़कर महिला कमांडो टीम का गठन किया गया।
यह महिला कमांडो टीम ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराध एवं अन्य सामाजिक अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने तथा जरूरतमंद लोगों तक पुलिस की सहायता पहुंचाने में सहयोग करेगी। साथ ही महिला कमांडो पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
 
पुलिस और ग्रामीणों के बीच मजबूत हुआ सामुदायिक जुड़ाव
जांजगीर-चांपा पुलिस की इस पहल से एक ओर जहां मंदिर में चोरी के बाद श्रद्धालुओं की आस्था को पुनः मजबूती मिली, वहीं दूसरी ओर महिला कमांडो टीम के गठन से ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी को भी बढ़ावा मिला है। पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता और जनविश्वास को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मां चंडी दाई मंदिर में पुनः भव्य श्रृंगार और महिला कमांडो टीम के गठन के इस आयोजन ने पुलिस-जनसहयोग, आस्था और सामुदायिक सुरक्षा का संदेश दिया।

See also  डाक मतपत्र की गणना के संबंध में दिया गया प्रशिक्षण...

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!