छत्तीसगढ़ में कब खुलेंगे स्कूल? जानिए कब तक बढ़ सकती है छुट्टियां

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां बढ़ाई जा सकती हैं। राज्य सरकार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही इस संबंध में फैसला लिया जा सकता है। ऐसे में स्कूली बच्चों और अभिभावकों के मन में यह सवाल है कि आखिर स्कूल कब से खुलेंगे।
फिलहाल प्रदेश के सभी स्कूल 16 जून से खुलने वाले हैं। इस वर्ष ग्रीष्मकालीन अवकाश 25 अप्रैल से 15 जून तक घोषित किया गया था। लेकिन जून के दूसरे सप्ताह तक भी गर्मी और उमस से लोगों को राहत नहीं मिली है। कई जिलों में तापमान अभी भी काफी अधिक बना हुआ है।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा है कि सरकार एक-दो दिन और मौसम की स्थिति का इंतजार करेगी। यदि गर्मी का असर इसी तरह बना रहा तो स्कूल खोलने की तारीख आगे बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि इस विषय पर विभागीय अधिकारियों के साथ चर्चा भी की गई है और जल्द ही नया आदेश जारी किया जा सकता है।
मंत्री ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिकता है। भीषण गर्मी में छोटे बच्चों को स्कूल भेजना परेशानी का कारण बन सकता है, इसलिए मौसम को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया जाएगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2022 से लगातार गर्मी के कारण छत्तीसगढ़ में स्कूल निर्धारित तिथि के बाद ही खुल रहे हैं। इस बार भी छुट्टियां बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अंतिम निर्णय सरकार की ओर से जारी आदेश के बाद ही स्पष्ट होगा। अब छात्र, अभिभावक और स्कूल प्रबंधन सरकार के अगले फैसले का इंतजार कर रहे हैं।



