प्यार, शक और खून…पति को आपत्तिजनक हालत में देखकर पत्नी ने पड़ोसन की ली जान

कबीरधाम : छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के रोकनी गांव में एक महिला की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय सोनकली बैगा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 27 अप्रैल को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच में सामने आया कि सोनकली का अपने पड़ोसी अर्जुन बैगा के साथ कथित संबंध था।
बताया जा रहा है कि 21 अप्रैल को अर्जुन की पत्नी मंदाकिनी बैगा ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इससे गुस्से में आकर उसने मौके पर बांस के डंडे से सोनकली पर हमला कर दिया। हमले में सोनकली गंभीर रूप से घायल हो गई। किसी तरह वह अपने घर पहुंची, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी मंदाकिनी बैगा को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल के अनुसार, आरोपी महिला ने पति को पड़ोसन के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखकर नियंत्रण खो दिया और हमला कर दिया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।



