CG News: गुस्से का खौफनाक अंजाम, प्रेमी ने गर्लफ्रेंड की हत्या कर खुद किया सरेंडर

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां शक और गुस्से में एक युवक ने अपनी ही प्रेमिका की हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी।
मामला पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र का है, जहां 17 अप्रैल की दोपहर आरोपी कार्तिक राम साहू ने अपनी गर्लफ्रेंड यूनेश्वरी वर्मा की गला दबाकर हत्या कर दी। दोनों की मुलाकात दुर्ग-बालोद रोड स्थित बीएम कॉलेज में बीएड की पढ़ाई के दौरान हुई थी और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई थी।
बताया जा रहा है कि आरोपी को युवती पर किसी और से संबंध होने का शक था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी आरोपी युवती को सुभाष नगर स्थित अपने किराए के कमरे में ले गया, जहां विवाद बढ़ने पर उसने गुस्से में आकर वारदात को अंजाम दे दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने डायल-112 पर कॉल कर युवती के बेहोश होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम युवती को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।



