पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को नवागढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम उदयभांठा में एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना नवागढ़ पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सत्यनारायण भैंना, निवासी ग्राम उदयभांठा, थाना नवागढ़ को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 13 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने बरामद शराब को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर लगातार नजर रखी जा रही है। अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश थाना प्रभारियों एवं पुलिस टीमों को दिए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, थाना प्रभारी नवागढ़ एवं थाना नवागढ़ के पुलिस स्टाफ का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा।