छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
30 साल बाद मिला 1996 बैच, सहपाठियों के मिलन से ताजा हुईं स्कूल की सुनहरी यादें

0 स्नेह मिलन समारोह में पुराने मित्रों ने साझा किए जीवन के अनुभव, गुरुजनों को किया याद
0 कार्यक्रम में शिक्षकों के साथ 1996 बैच के सहपाठी
0 केक काटकर खुशियां मनाती 1996 बैच की छात्राएं!

जांजगीर-चांपा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवरीनारायण के वर्ष 1996 बैच के पूर्व विद्यार्थियों का भव्य स्नेह मिलन समारोह बुधवार 24 जून को शिवरीनारायण स्थित होटल ध्रुव तारा में आयोजित किया गया। लगभग तीन दशक बाद एक ही छत के नीचे एकत्र हुए सहपाठियों ने अपने छात्र जीवन की यादों को ताजा करते हुए भावुक क्षणों का अनुभव किया। कार्यक्रम में शामिल सभी साथियों ने एक-दूसरे का आत्मीय स्वागत किया और वर्षों बाद हुई इस मुलाकात को अविस्मरणीय बताया। समारोह की शुरुआत परिचय सत्र से हुई, जिसमें सभी पूर्व विद्यार्थियों ने अपने-अपने जीवन के सफर, पारिवारिक और व्यावसायिक अनुभवों को साझा किया।
किसी ने शिक्षा, प्रशासन, व्यवसाय और सामाजिक क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों की जानकारी दी तो किसी ने संघर्ष और सफलता की प्रेरणादायक कहानियां सुनाईं। इस दौरान स्कूल के दिनों की शरारतें, कक्षा के संस्मरण, खेलकूद प्रतियोगिताएं सीऔर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की यादें चर्चा का प्रमुख विषय रहीं। इस दौरान तत्कालीन प्राचार्य पीएल कौशिक, सेवानिवृत्त शिक्षक उदयराम कैवर्त प्राचार्य आरपी कश्यप का छात्र छात्राओं के द्वारा शाल, श्रीफल और भगवान शिवरीनारायण की छाया चित्र भेंटकर का सम्मान किया।
सहपाठियों ने अपने गुरुजनों को श्रद्धापूर्वक याद किया और कहा कि विद्यालय में प्राप्त शिक्षा, संस्कार और मार्गदर्शन ने ही उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उपस्थित साथियों ने भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने तथा आपसी संपर्क और सहयोग को बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, समूह चर्चा और सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया। सभी ने मिलकर पुरानी तस्वीरों को देखा और स्मृतियों को साझा किया। लंबे अंतराल के बाद हुई इस मुलाकात ने सभी के चेहरों पर खुशी और उत्साह की झलक बिखेर दी। समारोह के अंत में आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सहपाठियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उपस्थित साथियों ने कहा कि यह स्नेह मिलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उन रिश्तों को फिर से जीवंत करने का अवसर था, जो समय के साथ दूर तो हो गए थे, लेकिन दिलों में आज भी उतने ही मजबूत हैं। 30 वर्ष बाद हुआ यह मिलन सभी के लिए यादगार बन गया। कार्यक्रम की समाप्ति पश्चात् सभी ने मठ मंदिर और भगवान शिवरीनारायण का दर्शन किए और फिर अपने घर को प्रस्थान किए।
कार्यक्रम में भूपेंद्र चंद्रा, पवन केसरवानी, भरत सिंह, अमित पारीक, रवि नारायण शर्मा, मदन तिवारी, नवीन शर्मा, खिलावन आदित्य, भगवान केसरवानी, देवेंद्र केसरवानी, बलराम पटेल, योगेश भट्ट, सीताराम चंद्रा, योगेश रजक, मिलेंद्र केसरवानी, विष्णु केसरवानी, प्रतिभा शर्मा, मोना सोनी, रश्मि यादव, कस्तूरी वैष्णव, शैलजा लाल, अर्चना केसरवानी, आशा अग्रवाल, मेघा गोयल, दीप्ति शुक्ला, गौरी तैलंग, बद्रिका यादव शामिली हुई।



