Raipur Crime : एक बड़े जमीन धोखाधड़ी मामले का पर्दाफाश, आरोपी आशीष बाजपेयी गिरफ्तार, दूसरे की जमीन को अपना बताकर…
Raipur Crime : एक बड़े जमीन धोखाधड़ी मामले का पर्दाफाश, आरोपी आशीष बाजपेयी गिरफ्तार, दूसरे की जमीन को अपना बताकर।

रायपुर। थाना पुरानी बस्ती रायपुर में एक बड़े धोखाधड़ी मामले का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने आरोपी आशीष बाजपेयी को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ मिलकर 1 करोड़ 30 लाख रुपए की धोखाधड़ी की थी। आरोपी ने भाटा गांव स्थित एक जमीन के विक्रय के नाम पर प्रार्थी और अन्य लोगों से राशि लेकर धोखाधड़ी की।
यह मामला प्रार्थी मयूर निर्मल ने थाना पुरानी बस्ती में दर्ज कराया था। उन्होंने शिकायत में बताया कि आरोपी ने रेखा गोयल की जमीन को खरीदने के नाम पर बिक्री इकरारनामा तैयार किया और बाद में बयाना के रूप में नगद और चेक के माध्यम से कुल 1 करोड़ 30 लाख रुपए प्राप्त किए। लेकिन, तय समय पर उक्त भूमि की रजिस्ट्री नहीं की और धोखाधड़ी की।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर लाल उम्मेद सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने जांच की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी आशीष बाजपेयी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 05/2025 के तहत धारा 467, 468, 420, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।



