CG BREAKING : छत्तीसगढ़ में पेट्रोल पंप खोलना हुआ और भी आसान, सरकार ने लाइसेंस की अनिवार्यता की खत्म…जानें पूरी डिटेल्स

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने पेट्रोलियम रिटेल आउटलेट्स (पेट्रोल पंप) के लिए राज्य स्तर पर लाइसेंस की अनिवार्यता को खत्म करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। यह बदलाव 14 नवंबर 2024 को खाद्य नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के माध्यम से लागू किया गया है। अब पेट्रोल पंप खोलने के लिए व्यवसायियों को केवल केंद्रीय पेट्रोलियम अधिनियम के नियमों का पालन करना होगा। पहले, दोहरी अनुमति की प्रक्रिया को हटाकर इसे सरल बना दिया गया है।
पहले पेट्रोल पंप खोलने के लिए व्यवसायियों को कलेक्टर के माध्यम से खाद्य विभाग से क्रय विक्रय का लाइसेंस प्राप्त करना होता था, जिसे हर वर्ष या तीन वर्ष में एक बार नवीनीकरण करना पड़ता था। राज्य और केंद्र दोनों से अनुमति लेने की प्रक्रिया समय और पैसे की बर्बादी थी, साथ ही कागजी कार्रवाई भी बढ़ जाती थी। अब केवल केंद्रीय नियमों का पालन करने से पेट्रोल पंप खोलने की प्रक्रिया तेज और सस्ती हो जाएगी, जिससे व्यवसायियों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस बदलाव के बाद पेट्रोल पंप खोलने के लिए कम कागजी कार्रवाई और एक ही स्तर की अनुमति की आवश्यकता होगी, जिससे पेट्रोल पंप जल्दी खुल सकेंगे। खासकर छोटे उद्यमी और तेल कंपनियों के लिए यह एक बड़ा मौका होगा, जिससे वे बिना ज्यादा परेशानियों के अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगे। यह सुधार खासतौर पर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में पेट्रोल पंप खोलने को बढ़ावा देगा, जहां अभी ईंधन की उपलब्धता कम है।
इस बदलाव से छत्तीसगढ़ में ईंधन की उपलब्धता बढ़ेगी और लोगों को पेट्रोल-डीजल आसानी से मिल सकेगा, विशेष रूप से उन इलाकों में जहां पेट्रोल पंप की कमी है। इसके अलावा, नए पेट्रोल पंप खुलने से राज्य में निवेश बढ़ेगा और बुनियादी ढांचे का विकास होगा, जो सरकार के व्यवसाय को बढ़ावा देने और आर्थिक विकास के लक्ष्य को पूरा करेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कहना है कि राज्य सरकार व्यवसायों के लिए अनुकूल माहौल बनाने को लेकर गंभीर है। नियमों को सरल करके और अनावश्यक बाधाओं को दूर करके राज्य उद्योगों और व्यवसायों को सहूलियत देने और निवेश को प्रोत्साहित करने की दिशा में काम कर रही है।
इस फैसले से न केवल व्यवसायियों को फायदा होगा, बल्कि राज्य की जनता को भी बेहतर सेवाएं मिलेंगी। छत्तीसगढ़ सरकार का यह निर्णय पेट्रोल पंप खोलने की प्रक्रिया को आसान बनाएगा, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।



