आपसी विवाद में खूनी संघर्ष, युवक गंभीर घायल, वीडियो वायरल…

मालखरौदा थाना क्षेत्र के सकर्रा गांव में फैली सनसनी
सक्ती। सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत सकर्रा गांव में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच विवाद इस कदर बढ़ गया कि टांगी और डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। इस खूनी संघर्ष में एक युवक भूपेश साहू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें हमलावरों द्वारा बेरहमी से मारपीट करते देखा जा सकता है। वायरल वीडियो ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और आम जनता में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही मालखरौदा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से बयान दर्ज किए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल युवक का इलाज बिलासपुर के निजी अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।



