Reg No. CG-06-0026209
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.56.31 (1)
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.55.51 (1)
b5ce874a-8a3f-482a-9d4a-eaf6ab18dc7e
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

अकलतरा में युवा संवाद एवं छात्र प्रतिस्पर्धा का भव्य आयोजन, लोकतंत्र की मजबूती पर युवाओं ने रखे विचार

ऋषभ महाविद्यालय बनाहिल में जुटे सैकड़ों छात्र-छात्राएं, सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा- लोकतंत्र भारत की आत्मा और युवा उसकी सबसे बड़ी शक्ति

जांजगीर-चांपा। भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा ऋषभ महाविद्यालय (बनाहिल), अकलतरा में अकलतरा विधानसभा स्तरीय युवा संवाद एवं छात्र प्रतिस्पर्धा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न महाविद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का मुख्य विषय “लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र भगाओ, लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ” रहा। इस विषय के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक व्यवस्था, राष्ट्रवाद और देश के विकास में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कमलेश जांगड़े उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र भारत की आत्मा है और युवा इसकी सबसे बड़ी शक्ति हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। विशेष रूप से युवाओं को भीड़तंत्र और अराजकता फैलाने वाली गतिविधियों से दूर रहकर लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और उनकी सकारात्मक सोच, ऊर्जा तथा सक्रिय भागीदारी से ही विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने छात्र-छात्राओं के साथ सीधा संवाद स्थापित किया तथा भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक संरचना एवं एस.ए.आर. (सदस्यता, सक्रियता एवं राष्ट्रवाद) से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी साझा की। वक्ताओं ने युवाओं को संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने, सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
 
युवाओं के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं की दी जानकारी
युवा संवाद के दौरान केंद्र सरकार द्वारा युवाओं के कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, अग्निवीर योजना, खेलो इंडिया तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति जैसी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, नए अवसर प्राप्त करने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।
अतिथियों ने युवाओं से इन योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा पात्र युवाओं को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि आज का युवा केवल योजनाओं का लाभ लेने वाला नहीं, बल्कि देश के विकास में सक्रिय भागीदार बनने की क्षमता रखता है।
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम
कार्यक्रम में वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों, दूरदर्शी नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा की। उन्होंने युवाओं से सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को देश की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण भागीदार बनाया है। विकसित भारत का संकल्प युवाओं की सक्रिय सहभागिता के बिना पूरा नहीं हो सकता। इसलिए युवाओं को शिक्षा, कौशल, तकनीक, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारियों के क्षेत्र में आगे बढ़कर योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर जिला संगठन प्रभारी रामदेव कुमावत, भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े, जिला महामंत्री नंद चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यालता मिरी, पूर्व जिला अध्यक्ष गुलाब सिंह चंदेल, जिला कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, गोपेश तुलस्यान, अकलतरा मंडल अध्यक्ष निलेश गुप्ता, बलौदा मंडल अध्यक्ष, ऋषभ महाविद्यालय की प्राचार्य शिखा सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल आयोजन भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष आकाश सिंह एवं उनकी टीम के नेतृत्व में किया गया। आयोजकों ने महाविद्यालय के संस्थापक जे.के. जैन, समिति सचिव अंकित जैन, समस्त महाविद्यालय परिवार तथा कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
युवा संवाद एवं छात्र प्रतिस्पर्धा का समापन युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के संकल्प के साथ हुआ। आयोजन ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र, राष्ट्रवाद, युवा नेतृत्व और सामाजिक दायित्वों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा करने का अवसर प्रदान किया।

See also  पत्रकार साथियों एवं उनके परिजनों के लिए 4 जनवरी को निःशुल्क स्वास्थ्य मेगा कैंप का आयोजन

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!