जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम भैसमुड़ी में संचालित नव सृजन नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र का जिला पंचायत जांजगीर-चाम्पा के सभापति राजकुमार साहू ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं, उपचार प्रक्रिया एवं वहां रह रहे लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभापति राजकुमार साहू ने केंद्र में नशे की लत से जूझ रहे लोगों के उपचार एवं पुनर्वास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में स्वच्छता, भोजन, रहने की व्यवस्था तथा स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जिसका प्रभाव व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज पर पड़ता है। नशे की गिरफ्त में आए लोगों को सही उपचार, परामर्श और परिवार का सहयोग मिले तो उन्हें सामान्य जीवन की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है। सभापति ने केंद्र संचालकों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नशा मुक्ति के क्षेत्र में जनजागरूकता के साथ-साथ पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने केंद्र में उपचाररत लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होकर बेहतर जीवन की ओर लौटने की कामना की। निरीक्षण के दौरान सरपंच प्रतिनिधि विजय कुमार साहू, दहिदा सरपंच सुरेश साहू व नशा मुक्ति केंद्र के चिकित्सक बसंत कुमार सिंह मौजूद रहे।