रायगढ़ में तेज रफ्तार ट्रेलर का कहर, बाइक सवार दो की मौत, एक गंभीर घायल

रायगढ़। जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह दुर्घटना पूंजीपथरा-घरघोड़ा मार्ग पर अमलीडीही गांव के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, तीन लोग मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े, जिससे दो लोगों की मौके पर ही जान चली गई।
हादसे में घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं टक्कर के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसा। घटना की सूचना मिलते ही घरघोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतकों और घायल की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



