रेरा चेयरमैन संजय शुक्ला पर PMO सख्त, जांच के दिए आदेश

रायपुर। रायपुर में छत्तीसगढ़ भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) के चेयरमैन संजय शुक्ला के खिलाफ जांच के निर्देश प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी किए गए हैं। यह कार्रवाई उनके खिलाफ सीबीआई द्वारा चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीएमओ ने मामले की जांच के लिए कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) और आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय को निर्देश भेजे हैं। इसके बाद संबंधित मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ सरकार के नगरीय प्रशासन विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और शिकायतकर्ता को सूचित करने को कहा है।
बताया जा रहा है कि भाजपा नेता नरेश चंद्र गुप्ता ने पीएमओ में शिकायत दर्ज कर संजय शुक्ला के कार्यकाल और उनके पूर्व रिकॉर्ड को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने, प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने जैसे आरोप शामिल हैं। साथ ही पूर्व मुख्य सचिव विवेक ढांढ पर भी संरक्षण देने का आरोप लगाया गया है।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने रावतपुरा मेडिकल कॉलेज घूस कांड में संजय शुक्ला को आरोपी बनाते हुए चार्जशीट दाखिल की है। इसके बावजूद उन्हें अभी तक पद से नहीं हटाया गया है। अब पीएमओ के निर्देशों के बाद इस मामले में आगे कार्रवाई की संभावना बढ़ गई है।



