समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए राठौर सम्मानित, भारत प्रतिभा पुरस्कार से नवाजे गए, पुलिस विभाग से सेवानिवृत्ति के बाद भी जनसेवा में सक्रिय

जांजगीर-चांपा। सेवानिवृत्त पुलिस उप निरीक्षक शत्रुघ्न राठौर को जन जागरूकता और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए दिल्ली के एक प्रतिष्ठित संस्थान द्वारा प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह् प्रदान कर “भारत प्रतिभा पुरस्कार” से सम्मानित किया गया है।
पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद भी शत्रुघ्न राठौर समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान द्वारा सम्मान उनके वर्षों से किए जा रहे जनसेवा कार्यों की सार्वजनिक स्वीकारोक्ति माना जा रहा है। वर्तमान डिजिटल युग में जहां साइबर ठगी एक गंभीर समस्या बनती जा रही है, वहीं शत्रुघ्न राठौर लोगों को जागरूक और शिक्षित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। वे समय-समय पर आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताते हैं और जागरूकता अभियान चलाते रहते हैं।कोविड-19 महामारी के दौरान भी उन्होंने अपने स्वास्थ्य की परवाह किए बिना जरूरतमंद लोगों की हर संभव मदद की। इसके अलावा, बरसात के दिनों में जिले में बाढ़ जैसी स्थिति बनने पर भी वे राहत कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं और प्रभावित लोगों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। राठौर का कहना है कि पुलिस विभाग में सेवा के दौरान जनसेवा उनके स्वभाव का हिस्सा बन गई, और यही कारण है कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
सम्मान से क्षेत्र में खुशी की लहर
भारत प्रतिभा सम्मान के मिलने पर राठौर समाज सहित पूरे जांजगीर–चांपा जिले में खुशी की लहर है। ख्याति प्राप्त समाजसेवी डाँ राघवेन्द्र पाण्डेय ने उनके निवास पहुंचकर उन्हे मिठाई खिलाई तथा शाल भेंटकर शत्रुहन राठौर का सम्मान और बधाई दिया। राघवेन्द्र पाण्डेय पुलिस जवानों का मनोबल बढ़ाने के लिए हमेशा तैयार रहते है। जांजगीर सीटी कोतवाली तथा पुलिस आवास निर्माण के लिए उन्होंने तात्कालिन पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल तथा आई जी पवनदेव को पत्र लिखा था।



