छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
जांजगीर-चांपा में बाहरी मजदूरों का पुलिस सत्यापन अभियान, 150 मजदूरों की जांच, 130 संदिग्धों से पूछताछ

जांजगीर-चांपा। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने गुरुवार को थाना कोतवाली क्षेत्र में व्यापक सत्यापन एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान दूसरे राज्यों से आकर रह रहे मजदूरों, किरायेदारों तथा संदिग्ध व्यक्तियों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई। पुलिस ने इंडस्ट्रियल एरिया और रेलवे स्टेशन के आसपास कार्यरत करीब 150 बाहरी मजदूरों का सत्यापन किया, वहीं अलग-अलग टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलाकर 130 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (आईपीएस) के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य थाना क्षेत्र में रह रहे बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कर उनकी पहचान सुनिश्चित करना और संभावित आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना था।
अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैंडन यॉर्क तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पांच अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। करीब 50 पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने ग्राम बनारी, पुटपुरा, तिलई और धनवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में किराए के मकानों और मजदूर बस्तियों की सघन जांच की।
इस दौरान विशेष रूप से पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों से आकर रह रहे मजदूरों की पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस ने 130 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए कंट्रोल रूम लाकर उनके पहचान पत्रों का सत्यापन किया। भविष्य में अपराध नियंत्रण और पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उनके फिंगरप्रिंट भी लिए गए।
इसी अभियान के तहत इंडस्ट्रियल एरिया एवं रेलवे स्टेशन के आसपास कार्यरत लगभग 150 बाहरी मजदूरों के आधार कार्ड, पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की गई। पुलिस ने सभी से उनके निवास, कार्यस्थल और स्थानीय संपर्कों की जानकारी भी प्राप्त की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों का सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई बाहरी व्यक्ति या किरायेदार रह रहा है तो उसकी जानकारी संबंधित थाना को अवश्य दें। पुलिस ने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।



